इंस्पेक्टर को ACP दे रहा जान से मारने की धमकी
हरियाणा पुलिस में कार्यरत एक इंस्पेक्टर ने गुड़गांव के एसीपी क्राइम पर मानसिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए जान को खतरे की आंशका जताई है।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार गांव इस्लामाबाद, जिला पलवल का निवासी है। वह हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है।
मई 2015 में उसकी तैनाती थाना सोहना, जिला गुड़गांव में बतौर एसएचओ थी। उसका आरोप है कि एसीपी क्राइम राजेश चेची और एसीपी सुखबीर ने मिलकर उनसे अपने चहेते ट्रक-डंपर मालिकों की मदद करने का दबाव बनाया था।
'अधिकारियों ने रचा षडयंत्र'
जब सुनील ने ऐसा करने से मना किया तो दोनों अधिकारियों ने मिलकर उसके खिलाफ षडयंत्र रचना शुरू कर दिया। 16 मई को उसे कमिश्नर ऑफिस में फोन कर बुलाया और 17 मई को भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत फर्जी मुकदमा दर्ज करा गिरफ्तार कर लिया।
मजिस्ट्रेट के सामने पेश होने पर दोनों पक्षों को सुनने के बाद मजिस्ट्रेट ने उसकी गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया। इससे नाराज दोनों अधिकारियों ने सेशन जज गुड़गांव की अदालत में रिविजन दायर कर दी।
वहां भी मामले को खारिज कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि उक्त अधिकारी जानबूझ कर उसके साथ दुश्मनी निकाल रहे हैं। इससे उसका मानसिक और शारीरिक शोषण हो रहा है। इस मामले की शिकायत सीएम विंडो के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजी है।