अगर आप ढूंढ रहे हैं विंटर टूर पैकेज तो ये जरूर पढ़े
सर्दी की छुट्टी और नए साल के स्वागत के लिए लोग तैयारी में जुटने लगे हैं। छुट्टी में परिवार के साथ सैर-सपाटे के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। लोगों के बजट को देखते हुए अलग-अलग टूर एंड ट्रेवल कंपनियों ने विशेष पैकेज बाजार में उतारे हैं। ऑनलाइन बुकिंग करने वाली कंपनियां छूट देकर लोगों को लुभा रही हैं।
ऑनलाइन बाजार में 10 से लेकर 70 फीसदी तक बुकिंग पर छूट दी जा रही है। इसमें घरेलू से लेकर इंटरनेशनल डेस्टिनेशन तक शामिल हैं। बुकिंग के ट्रेंड को मानें तो दिल्ली-एनसीआर के लोगों के बीच इस बार लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार लोगों की पहली पसंद है।
साइबर सिटी में विश्व की टॉप फॉच्र्यून कंपनियों का दफ्तर है। अमूमन बड़ी कंपनियों में क्रिसमस के बाद से छुट्टियां शुरू हो जाती हैं। विदेशों की तर्ज पर इन कंपनियों में भी एक सप्ताह से अधिक समय तक की छुट्टियां रहती हैं। इस वजह से छुट्टियों में परिवार के साथ सैर-सपाटा करना यहां के कर्मचारियों की प्राथमिकताओं में शामिल रहता है।
इसके अलावा अन्य लोग भी सर्दियों का मजा लेने के लिए घूमने फिरने निकलते हैं। टूर एंड ट्रेवल ऑपरेटर्स का कहना है कि उत्तराखंड, हिमाचल के साथ अब पूर्वोत्तर, अंडमान-निकोबर और लक्षद्वीप नया हॉट डेस्टिनेशन बनकर उभरा है। टूर ऑपरेटरों की मानें तो ऑनलाइन पोर्टल के कारण कई नए पर्यटन स्थल भी लोगों की निगाह में आए हैं।
दो लाख रुपये तक है पैकेज
अलग-अलग जगहों के लिए ऑपरेटरों ने अलग-अलग पैकेज बना रखे हैं। ऑनलाइन पोर्टल द्वारा भी कई तरह के पैकेज दिए जा रहे हैं। देश के भीतर न्यूनतम 15 हजार से पैकेज शुरू हैं, जबकि देश के बाहर यह पैकेज 50 हजार रुपये से शुरू होते हैं।
क्रिएटिव ट्रेवल प्राइवेट लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी हरजीत सिंह कहते हैं कि सर्दी की छुट्टी कम दिनों की होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पैकेज भी तैयार किए जाते हैं।
इंटरनेशनल डेस्टिनेशन में श्रीलंका, थाईलैंड, मालद्वीव, मॉरीशस, सिंगापुर अधिक पसंद किए जा रहे हैं। यहां तीन दिन-चार रात का पैकेज लोग ले रहे हैं। यहां के पैकेज 50 हजार से शुरू हैं।
इस वर्ष बढ़ेगी पर्यटकों की संख्या
इंडिया एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेर्ट्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजीव कोहली कहते हैं बीते वर्ष नोटबंदी के कारण लोगों ने सर्दी की छुट्टी में घूमने फिरने का कार्यक्रम रद्द कर दिया था। इस बार वह स्थिति नहीं है।
बीते वर्ष के मुकाबले इस बार इस बिजनेस में 18-25 फीसदी तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। लोग अलग-अलग जगहों की बुकिंग कर रहे हैं। वहीं, एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेर्ट्स ऑफ इंडिया के महासचिव चेतन गुप्ता कहते हैं इस बार टूरिज्म इंडस्ट्री पर नोटबंदी या जीएसटी का असर नहीं है।
देशभर के पर्यटकों का केंद्र दिल्ली होता है। फिर यहां से दूसरे पर्यटन स्थल की ओर रवाना होते हैं। सर्दी की छुट्टी में लोग उन जगहों पर जाना पसंद कर रहे हैं, जहां ठंड कम हो। अंडमान निकोबार लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। अब हवाई सफर भी कई जगहों के लिए शुरू कर दिया गया है।
पैकेज पर एक नजर
स्थान दिन पैकेज राशि
-मनाली 02 रात 5,500-32,000
-अंडमान 03 रात 17,249-30,000
-गोवा 02 रात 5,999-29,999
-ऊटी 02 रात 8,499-25,999
-केरल 03 रात 19,999-49,999
-लद्दाख 02 रात 16,750-29,999
-दार्जिलिंग 02 रात 15,500-45,500
-शिमला 03 रात 9,500-39,999
-गंगटोक 02 रात 9,099-19,999
(नोट: यह टूर पैकेज अलग-अलग कंपनियों के आधार पर औसत में लिए गए हैं। सुविधाओं के आधार पर राशि में कमी या बढ़ोतरी हो सकती है।)