समय तय कर लें केजरीवाल मैं चुनौती देता हूं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अनधिकृत कॉलोनी के नाम पर जनता को बरगलाने का आरोप लगाया है। माकन ने मुख्यमंत्री को पिछली सरकार की तरफ से अनधिकृत कॉलोनी में काम नहीं कराने की राजनीति पर खुली बहस की चुनौती दी है।
पूर्व केन्द्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री रहे माकन ने दावा किया कि अनाधिकृत कॉलोनी के मामले में वह अरविंद केजरीवाल से ज्यादा समझ रखते हैं। साथ ही अगले दो महीने में सभी 1639 कॉलोनियों में रजिस्ट्री शुरू नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
अभी केजरीवाल सरकार ने 895 कॉलोनियों में बाउंड्री तय करने के बाद रजिस्ट्री शुरू करने की घोषणा की है। अजय माकन ने संवाददाता सम्मेलन में सोमवार को कहा कि 1639 कॉलोनियों में विकास के काम शुरू करने और 895 कॉलोनी की बाउंड्री तय करने का काम कांग्रेस सरकार में हुआ था।
केजरीवाल सिर्फ बयान देते हैं
मुख्यमंत्री केजरीवाल विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की मांग करने के अलावा जल्द 895 कॉलोनी की बाउंड्री तय करने की बात कर रहे हैं। जबकि लेखानुदान में 157 करोड़ रुपये का बजट 2014-15 के बजट के हिसाब से कम कर दिए।
यहां की साफ सफाई का बजट भी 29 फीसदी कम कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ जिन कॉलोनियों की बाउंड्री तय करके एमसीडी को लेआउट प्लान के लिए दिया था, वो नहीं बनाया। जबकि 21 मार्च, 2008 की अधिसूचना में साफ है कि एक महीने में ले आउट प्लान स्थानीय निकाय को फाइनल करने हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि अनधिकृत कॉलोनियों के 21 मार्च, 2008 की अधिसूचना के दस्तावेज को पढ़ें ताकि पता चल जाए कि कांग्रेस ने इनके लिए क्या किया? उन्होंने कहा है कि अरविंद केजरीवाल के सभी बयान विरोधाभासी हैं।
मैं केजरीवाल को बहस के लिये चुनौती देता हूं। दिन व समय वह निश्चित कर लें और मुझसे अनधिकृत कॉलोनियों के मसले पर बहस करें। दरअसल, केजरीवाल अभी तक अनधिकृत कॉलोनियों के मसले को पूरी तरह समझ ही नही पाये हैं। यह कहना कि कांग्रेस ने अनधिकृत कॉलोनियों के लिए कुछ नहीं किया, बेतुका है।