मां और पत्नी कमरे में बंद, बाहर मिली पति की लाश
दिल्ली के गांधी नगर में पत्नी की बेरहमी से हत्या के बाद पति के खुदकुशी करने के बाद एक और दहला देने वाला मामला सामने आया है। द्वारका के सेक्टर 18बी में अमित बच्चन की मौत और उनकी पत्नी पर हलमे की घटना से हड़कंप मच गया।
अमित बच्चन का शव प्लेटियम हाइट्स नामक उनके घर में पाया गया। जब पुलिस जांच के लिए पहुंची तो पता चला कि अमित की मां जिस कमरे में थी उसे बाहर से बंद कर दिया गया था। इसी तरह अमित की पत्नी का भी कमरा बाहर से बंद पाया गया।
दोनों कमरों को खोलने पर अमित की पत्नी भी लहुलूहान हालत में अपने कमरे में पड़ी हुई पाई गई। पुलिस को इस घटना की जानकारी सुबह चार बजे मिली।
इस बात की आशंका जाहिर की जा रही कि अमित ने ही पहले अपनी पत्नी पर हमला किया और बाद में खुदकुशी कर ली। हालांकि पुलिस मामले की असल वजह जानने की कोशिश कर रही है।
नहीं खुला मौत का राज
बता दें कि अमित बच्चन की शिवानी से दो महीने पहले ही शादी हुई थी। मौके पर मिले अमित के शरीर पर टीवी केबिल की तार लिपटी हुई पाई गई जबकि उनकी पत्नी के सिर पर वार किए जाने की खबर है।
अमित का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही अमित के मौत की असली वजह का खुलासा होगा।
अभी दो दिन पहले ही दिल्ली के गांधी विहार इलाके में डबल मर्डर का कुछ ऐसा ही केस सामने आया था। पति ने अपनी पत्नी की कैंची से गोदकर बेरहमी से हत्या के बाद खुद भी ट्रेन से कट कर आत्महत्या कर ली थी।
हालांकि यहां मौके से पति द्वारा लिखा दो सुसाइड लेटर भी पुलिस को मिला था जिसमें पति ने इस घटना के लिए अपने ससुराल वालों को दोषी बताया था।