मौसम की मेहरबानी से आज भी प्रदूषण से राहत की उम्मीद, सम-विषम पर केजरीवाल ने दी बधाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर भारत की मौसमी दशाओं में तेजी से बदलाव होने से दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा में आज भी सुधार की उम्मीद है। सोमवार को दिनभर खिली धूप और हवा की चाल में आई तेजी से प्रदूषण स्तर में 87 अंक की कमी आई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसमी दशाएं दिल्ली-एनसीआर के लिए सकारात्मक रहेंगी। वहीं, 7 व 8 नवंबर को बारिश होने का भी पूर्वानुमान है। इससे दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता में तेजी से सुधार आ सकता है।
वायु की गुणवत्ता पर नजदीक से नजर रखने वाली केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन काम करने वाली संस्था सफर का कहना है कि हवा की चाल तेज होने से पीएम 2.5 का स्तर तड़के से ही घटने लगा था।
इसमें महसूस होने वाला बदलाव सोमवार को धूप खिलने के बाद आया। दोनों के मिले-जुले असर से पूरे दिन प्रदूषण कम होता गया। 24 घंटे का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 407 पर रिकार्ड किया गया।
उधर, दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर पीएम 2.5 का स्तर मानक से 8-10 गुना ज्यादा रहा। धीरपुर में पीएम 2.5 की मात्रा 547, दिल्ली विश्वविद्यालय में 605, चांदनी चौक में 416, पूसा में 415, लोदी रोड में 402, आईआईटी व एयरपोर्ट में 425 व मथुरा रोड पर 450 रिकार्ड की गई।
दूसरी तरफ, मौसम विभाग का कहना है कि देर शाम हवा की चाल 25 किमी प्रति घंटा से ऊपर हो जाने से प्रदूषण में तेजी से कमी आई है। साथ ही पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी कमोबेश हवा की यही चाल बनी रहेगी। इससे हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच जाएगी। 7 व 8 नवंबर को तेज बारिश होने से दिल्लीवालों को प्रदूषण से राहत मिल सकती है।
रविवार को 12 इलाकों की हवा की गुणवत्ता 500 पर जा पहुंची थी। अगले दिन इसमें तेजी से सुधार आया है। सिर्फ पांच इलाकों को छोड़कर 29 जगह पर वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई। सोमवार को शाम 7 बजे सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाका बवाना रहा।
पराली जलाने के मामले बढ़ेे
सफर का कहना है कि बीते 24 घंटे में पराली जलाने के 2900 मामले दर्ज हुए हैं, जबकि इसके पहले के 24 घंटों में यह संख्या महज 57 थी। हालांकि, सफर का कहना है कि पंजाब व हरियाणा के आसमान में घने बादल होने से संभव है कि सेटेलाइट इमेज में पराली जलाने के मामले दर्ज न हो सके हों। यही वजह है कि दिल्ली के प्रदूषण में पराली के धुएं का हिस्सा रविवार के 25 फीसदी की तुलना में 14 फीसदी हो गया।
सीएम और डिप्टी सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहले दिन सम-विषम को सफल बताते हुए दिल्लीवालों को बधाई दी। वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली का प्रदूषण घटने के दूसरे कई कारण हैं, लेकिन सम-विषम ने भी इसमें बड़ी भूमिका अदा की है। दिल्ली के लोगों ने जज्बा दिखाया, जिससे प्रदूषण पर असर पड़ा है। इसके लिए सिसोदिया ने दिल्लीवालों को बधाई दी।
दूसरी ओर, मनीष सिसोदिया ने कहा कि अभी सुप्रीम कोर्ट के फैसले की फाइल नहीं मिली है, फिर भी दिल्ली सरकार आदेश का पालन करेगी। अदालत ने जो भी आंकड़ा मांगा है, वह दिया जाएगा। हम 4-5 राज्य मिलकर रास्ता निकालेंगे तो ज्यादा बेहतर होगा। दिल्ली सरकार शुक्रगुजार है कि सुप्रीम कोर्ट की वजह से उस दिशा में कदम बढ़ रहा है। यूपी में भी ऑड-ईवन होगा तो अच्छी बात है। यह पूरे उत्तर भारत की समस्या है। सभी मिलकर काम करेंगे तो बेहतर परिणाम आएगा।
दो दिन का सूचकांक
इलाका रविवार सोमवार
बवाना 500 416
आनंद विहार 500 408
करणी सिंह शूटिंग रेंज 500 408
अशोक विहार 500 405
नेहरू नगर 500 401
पीएम 2.5 व पीएम 10 का औसत
3 नवंबर पीएम 2.5 पीएम 10
सुबह 6 बजे 974 801
दोपहर बाद 2 बजे 848 653
शाम 6 बजे 505 348
4 नवंबर पीएम 2.5 पीएम 10
सुबह 6 बजे 710 562
दोपहर बाद 2 बजे 257 152
शाम 6 बजे 216 94
मानक:
पीएम 10 100
पीएम 2.5 60