डोनाल्ड ट्रंप की जीत को हिंदू सेना का हवन, 'वही मानवता को इस्लामिक आतंक से बचाएंगे'
दिल्ली के जंतर मंतर पर हिंदू सेना ने डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका का राष्ट्रपति बनाने के लिए यज्ञ किया। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता का कहना था कि ट्रंप का राष्ट्रपति बनना भारत के लिए भी बेहतर होगा।
उससे भारत-अमेरिका के बीच मधुर संबंध बन सकेंगे। पाकिस्तान के इस्लामिक आतंकवाद के खात्में में भी ट्रंप मददगार साबित होंगे।
हिंदू सेना से जब सवाल किया गया कि उनका संगठन इस्लाम विरोधी क्यों है तो उन्होंने उल्टा सवाल पूछा लिया। उन्होंने पूछा कि आखिर आईएसआईएस और जैश जैसे आतंकी संगठन से जुड़ने वाले कौन हैं? वो हिंदू या ईसाई नहीं हैं वो मुस्लिम हैं और ट्रंप उनके खिलाफ हैं।
इसलिए हम ट्रंप की जीत के लिए हवन कर रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि हम मानते हैं कि इस्लाम और इस्लामी आतंक दोनों ही कैंसर की तरह खतरनाक हैं और इससे निदान सिर्फ ट्रंप दिला सकते हैं इसलिए हम उनकी जीत चाहते हैं।
मोदी जी को भी चिट्ठी लिखेंगे
हिंदू सेना के सदस्यों ने ये भी कहा कि उन लोगों ने कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए हैं जिनके माध्यम से वो ट्रंप को सपोर्ट करेंगे।
हिंदू सेना को पूरा भरोसा है कि नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ही विजयी होंगे। उन्होंने सवाल भी किया कि अगर अमेरिकी जनता उनके पक्ष में नहीं होती तो वो लगातार क्यों जीतते रहते?
हिंदू सेना ने ये भी बताया कि वो ट्रंप के किसी विरोधी को समर्थन नहीं देंगे। उनका कहना है कि हिलेरी क्लिंटन सेक्यूलरिज्म की बातें करती हैं। उन्होंने मुस्लिमों से किस तरह निपटा जाएगा इसके बारे में कभी कुछ नहीं कहा।
उन्होंने कहा कि वो पीएम मोदी को भी चिट्ठी लिखकर अपील करेंगे कि वो वैश्विक समुदाय से ट्रंप को वोट करने की अपील करें।