तीन को थी हज से वापसी, वो नहीं आए आ गई मौत की खबर
मक्का में शैतान को पत्थर मारने की रस्म के दौरान मची भगदड़ से हुए हादसे में समाजवादी पार्टी के नेता के ताऊ की मौत हो गई।
युवजन सभा के प्रदेश सचिव असद अली मुखिया के ताऊ ने मक्का के अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को आखिरी सांस ली। उनकी मौत की खबर आने के बाद से परिवार गमगीन है।
लोनी की अपर कोट कालोनी में हाजी सिराजुद्दीन (70) परिवार सहित रहते हैं। वे प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। परिवार में पत्नी और चार बेटियां हैं।
इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई
उनके भतीजे अजहर अली ने बताया कि सिराजुद्दीन की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। जबकि छोटी बेटी कक्षा सात की छात्रा है। गत 21 सितंबर को वह हज के लिए सउदी अरब रवाना हुए थे और तीन अक्टूबर को उनकी वापसी थी।
परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को आखिरी बार उनसे फोन पर बात हुई थी। इसके बाद देर रात सउदी अरब से फोन आया था, जिसमें बताया गया कि सिराजुद्दीन भगदड़ की चपेट में घायल हो गए हैं।
अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार की सुबह फोन आया कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है। उनकी मौत से परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। उनके घर पर आने-जाने वालों का तांता लगा है।