हरियाणा में खुलेंगे धार्मिक स्थल, होटल और मॉल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में नहीं मिलेगी कोई छूट
हरियाणा सरकार ने शनिवार रात अनलॉक-1 के तहत राज्य में मिलने वाली छूट को लेकर अपना रुख साफ कर दिया। सरकार ने सभी आवश्यक सावधानियों के साथ आठ जून से धार्मिक स्थलों और शॉपिंग मॉल्स को खोलने की अनुमति दे दी है।
हालांकि यह स्पष्ट कहा गया है कि यह अनुमति गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए लागू नहीं होगी। पिछले 10 दिनों में अत्यधिक संख्या में संक्रमण के मामले सामने आने के कारण इन जिलों में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।
Hotels, restaurants & other hospitality services will be reopened with generic preventive measures in Haryana. The Chief Minister has directed to regulate & restrict these activities by following the guidelines of the Ministry of Home Affairs in letter & spirit: State Govt https://t.co/CQAJL3W8rZ
— ANI (@ANI) June 6, 2020
सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों ने अनुसार हरियाणा में सोमवार से होटल, रेस्त्रां और बाकी अन्य सेवाएं भी आवश्यक सावधानियों के साथ शुरू हो जाएंगी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार काम करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल गुरुग्राम और फरीदाबाद, दोनों जिले में कोरोना के मामले निरंतर बढ़ रहे हैं। इस स्थिति में राज्य सरकार जिले में नई गतिविधि को चालू करने के पक्ष में नहीं है।
हालांकि जिला प्रशासन ने छूट देने के मामले में अभी स्थिति साफ नहीं की है, लेकिन राज्य सरकार के रुख के मद्देनजर जिला प्रशासन कोई भी जोखिम लेने के पक्ष में नहीं बताया जा रहा है। इस तरह जिले में लॉकडाउन वाली स्थिति रहने के आसार हैं।
पूरे देश में एक जून से अनलॉक-1 शुरू होने के बाद उसके तहत सोमवार से गुरुग्राम जिले में भी धार्मिक स्थल, मॉल, होटल, सिनेमा घर, रेस्टोरेंट, स्वीमिंग पुल आदि चालू होने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन शनिवार को राज्य सरकार ने गुरुग्राम जिले में कोरोना मामलों की संख्या के मद्देनजर छूट देने में कोई रुचि नहीं दिखाई।
इस प्रकरण से माना जा रहा है कि अभी जिले में नई गतिविधियां शुरू नहीं की जा रही हैं। जिले में लॉकडाउन की तरह ही धार्मिक स्थल, मॉल, होटल, सिनेमा घर, स्वीमिंग पुल आदि बंद रहेंगे।
हालांकि, कई मॉल वालों ने सोमवार से गतिविधियां शुरू होने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। उधर जिला प्रशासन ने गत रविवार को अनलॉक में नई गतिविधि को छूट मिलने की इजाजत नहीं देने का निर्णय लिया था। अधिकारियों ने तर्क दिए थे कि जिले में कोरोना संक्रमण निरंतर बढ़ रहा है।
इस कारण से फिलहाल अनलॉक के तहत किसी भी नई गतिविधि को शुरू करने की इजाजत नहीं देनी चाहिए। अधिकारियों ने एक स्वर में निर्णय लिया था कि जिले में लॉकडाउन-4 वाली स्थिति ही बनाई रखी जाए।
गुरुग्राम और फरीदाबाद जिले के अधिकांश इलाके कोरोना की चपेट में आए हुए हैं। इसके अलावा जिले में पिछले एक सप्ताह से रोजाना सौ से अधिक कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। इस कारण से प्रशासन नई गतिविधि शुरू करने के पक्ष में नहीं है।