मालिक बना मॉन्स्टर: पहले दिया नौकरी का ऑफर, मना करने पर फाड़े कपड़े; विवाहिता को दी हत्या और दुष्कर्म की धमकी
नांगलोई में एक विवाहिता ने अपनी मां के मालिक की कंपनी में काम करने से इंकार करने पर फोन पर धमकी दी। इतना ही नहीं सड़क पर कंधे पर हाथ रखकर खींचने, कपड़े फाड़ने की कोशिश भी की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने यौन उत्पीड़न व धमकी का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है। सीसीटीवी से जांच की जा रही है।
विस्तार
नांगलोई इलाके में 22 साल की विवाहिता के साथ सरेराह यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि कंपनी में काम करने से इंकार करने पर उसके मालिक ने बीच सड़क पर कपड़े फाड़ने का प्रयास किया और अश्लील हरकत करने के बाद दुष्कर्म करने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने यौन उत्पीड़न, गाली गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के बाद से भागे हुए कंपनी के मालिक की तलाश कर रही है।
22 साल की विवाहिता से यौन उत्पीड़न
जानकारी के मुताबिक 22 साल की विवाहिता अपने माता-पिता, भाई बहन और बेटे के साथ नांगलोई इलाके में रहती है। नांगलोई थाने में दर्ज प्राथमिकी में विवाहिता ने बताया कि उनकी मां मई 2024 से नांगलोई स्थित एक कंपनी में स्टॉक मार्केटिंग का काम करती थी। जनवरी 2025 में वहां काम करने वाले तीन कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ दी। जिसमें से एक ने तिलक नगर में अपनी कंपनी खोल ली।
मां की कंपनी से पीड़िता को मिला नौकरी का ऑफर
उन्होंने घर आकर पीड़िता को अपनी कंपनी में काम करने का ऑफर दिया। जिसे पीड़िता ने स्वीकार कर लिया। जनवरी 2025 से वह वहां काम करने लगी। इस बात की जानकारी मिलने के बाद उनकी मां की कंपनी का मालिक ने मां से नाराजगी जताई। साथ ही उसे अपनी कंपनी ज्वाइन करवाने के लिए कहा। लेकिन पीड़िता ने मां के मालिक की कंपनी में काम करने से इंकार दिया।
कंपनी मालिक ने फोन पर दी धमकी
पीड़िता का आरोप है कि उसके बाद से आरोपी कंपनी मालिक उसे फोन पर धमकी देने लगा। वह काम नहीं करने पर दुष्कर्म कर हत्या करने की धमकी देने लगा। बार बार उसे फोन कर परेशान करने लगा। आरोप है कि 20 सितंबर को वह काम से घर लौट रही थी। वह नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास सड़क किनारे लगे रेहड़ी से फल ले रही थी, इसी दौरान आरोपी वहां आया और उसके कंधे पर हाथ रखकर अपनी ओर खींचा।
मालिक ने सरेराह महिला के कपड़े फाड़े
विरोध करने पर आरोपी ने उसका यौन उत्पीड़न किया और कपड़े को फाड़ने की कोशिश की। फिर साथ नहीं चलने पर दुष्कर्म करने की धमकी दी। उसकी हरकत देखकर फल विक्रेता ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। जैसे तैसे होश संभालने के बाद पीड़ित भागकर अपने घर पहुंची और 112 नंबर पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। उस दिन उसने पुलिस को अपना बयान दर्ज नहीं करवाया। बाद में पुलिस ने पीड़िता का बयान लेकर 4 अक्तूबर को मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच के दौरान घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर घटना की पुष्टि कर रही है। साथ ही पुलिस आरोपी की भी तलाश कर रही है।