दिल्ली के दो और गुरुग्राम में एक मरीज की जिंदगी में तारे की तरह चमकेगा 'ध्रुव'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोली लगने के 10 दिन बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश कृष्ण कांत का बेटा ध्रुव जिंदगी की जंग हार गया। मौत की गोद में सोने के बाद भी तीन लोगों की जिंदगी में तारे की तरह चमकता रहेगा। ध्रुव के अंतिम सांस लेने से पहले परिजनों ने उसके अंग दान करने का निर्णय लिया था।
परिजनों के करीबी रिश्तेदारों की मानें तो अंगदान व नेत्रदान को लेकर चलने वाले मुहिम में हिस्सा लेता था और लोगों को जागरूक करता था। कई कार्यक्रम में लोगों को अंगदान की शपथ दिलवाता था। इसे ही ध्यान में रखते हुए परिवार वालों ने ध्रुव के ब्रेन डेड घोषित होने के बाद अंगदान करने का निर्णय लिया।
सोमवार देर रात उसके किडनी व लीवर को दान कर दिया गया। इलाज के दौरान हृदय कमजोर होने व आंखों में दिक्कत आने के चलते इन्हें दान नहीं दिया जा सका। सरकार के नियमानुसार किडनी व लीवर को तीन लोगों में प्रत्यारोपित किया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि अस्पताल में भर्ती के बाद जब डॉक्टरों ने ध्रुव के दिमाग काम न करने की बात कही। हालांकि गोली लगने के बाद ध्रुव के दिमाग का ऑपरेशन कर क्षतिग्रस्त हुई नसों को भी जोड़ा गया। लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बाद भी रिकवरी की संभावनाएं कम हो रही थी।
इसके बाद न्यायधीश ने बेटे ध्रुव के अंगदान कर अन्य लोगों का जीवन बचाने का प्रयास किया। सोमवार रात को न्यायधीश की सहमति के बाद अंगदान करने की कार्रवाई चिकित्सकों ने शुरू कर दी थी। सोमवार शाम को न्यायधीश मेदांता अस्पताल पहुंच गए। यहां सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद देर रात करीब 11 बजे ऑपरेशन शुरू किया गया।
इस दौरान दोनों किडनी व लीवर को निकाल लिया गया। इन्हें सरकार के नियमानुसार जरूरतमंदों को लगाया जाएगा। सूत्रों की मानें तो किडनी दिल्ली के एक अस्पताल में दो मरीजों को दिया गया है, जबकि लीवर गुरुग्राम के एक अस्पताल में एक मरीज को दिया गया है।
ऑपरेशन के बाद मंगलवार अल सुबह न्यायधीश की मौजूदगी में मेदांता अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे वेंटीलेटर से हटाया। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे शव को परिजनों को सुपुर्द कर पोस्मार्टम के लिए भेजा गया। मेडिकल बोर्ड ने पुलिस की फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को अंतिम संस्कार होगा।