फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Gurugram News ›   Young women out for a night walk were surrounded by occupants of a Scorpio vehicle

दो युवतियों की रूह कंपाने वाली आपबीती: स्कॉर्पियो सवार ने घेरा, कार में बैठने और खाना खाने का बनाया दबाव

Fri, 30 Oct 2026 10:53 AM IST
Akash Dubey अमर उजाला ब्यूरो, गुरुग्राम
अमर उजाला ब्यूरो, गुरुग्राम Published by: Akash Dubey Updated Fri, 30 Oct 2026 10:53 AM IST
सार

सेक्टर-70 में टहल रही दो युवतियों को स्कॉर्पियो सवार महिला-पुरुष ने परेशान किया। उन्होंने कार में बैठने और साथ खाने का दबाव बनाया, पुरुष ने अभद्रता की। युवतियों के मना करने पर उनका पीछा किया गया।

विज्ञापन
Young women out for a night walk were surrounded by occupants of a Scorpio vehicle
लड़कियों से छेड़छाड़ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

रात को खाना खाने के बाद टहलने निकलीं दो युवतियों के लिए घर लौटना किसी डरावने अनुभव से कम नहीं रहा। सेक्टर-70 में ट्यूलिप चौक के पास स्कॉर्पियो सवार एक महिला और पुरुष ने पहले उनसे पीजी का पता पूछकर बातचीत शुरू की। इसके बाद दोनों पर कार में बैठने और साथ खाना खाने का दबाव बनाया। युवतियों के मना करने पर पुरुष ने कथित तौर पर अभद्रता की। युवतियों का आरोप है कि वे वहां से भागीं तो कार सवारों ने दोबारा उनका पीछा किया और एक पीजी के बाहर करीब 30 मिनट तक गाड़ी खड़ी रखी।

विज्ञापन
Trending Videos

घटना का विवरण एक युवती ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। उसके मुताबिक, वह अपनी रूममेट के साथ रात करीब 8:45 बजे टहलने निकली थी। बाजार से होते हुए वे गुरुग्राम के एक मॉल तक पहुंचीं। रात करीब 10:10 बजे दोनों पीजी लौटने लगीं। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो उनके पास आकर रुकी। कार में करीब 25 साल की महिला और 45 साल से अधिक उम्र का पुरुष सवार था। महिला ने उनसे लग्जरी पीजी के बारे में जानकारी मांगी। युवतियों ने मदद करते हुए उसे एक ब्रोकर का नंबर भी दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

आरोप है कि बातचीत के दौरान पुरुष ने उनसे व्यक्तिगत सवाल पूछने शुरू कर दिए। वह नौकरी दिलाने और पैसे देने की बात करने लगा। युवती के अनुसार, पुरुष नशे में लग रहा था। उसने उसे अपने पास आने के लिए कहा, लेकिन असहज महसूस होने पर युवती दूरी बनाकर खड़ी रही। इस पर पुरुष ने कथित तौर पर टिप्पणी की कि वह उससे डर क्यों रही है। उसने दोनों को दिवाली के उपहार के नाम पर 500-500 रुपये देने की कोशिश की। युवतियों ने रुपये लेने से मना कर दिया, लेकिन उसने जबरन उनकी जेब में 500 रुपये डाल दिए।

विज्ञापन

युवतियों का कहना है कि महिला के उल्टी करने पर वे कुछ देर वहां रुकीं और पानी का इंतजाम कराया। इसके बाद दोनों कार सवारों ने उन्हें अपने साथ बैठकर कुछ खाने के लिए कहा। युवतियों ने पास की मोमोज की दुकान का हवाला दिया। उनका आरोप है कि वे हालात बिगड़ने के डर से कार में बैठीं, लेकिन खिड़की थोड़ी खुली रखी। दुकान के पास पहुंचने पर उन्होंने कार से बाहर जाकर खाना खाने की बात कही। इसी दौरान युवती ने अपने दोस्तों को संदेश भेजा और फोन आने का बहाना बनाकर कार से उतर गई। उसने पुरुष को उसके दिए रुपये वापस कर दिए।

युवती के मुताबिक, रुपये लौटाने पर पुरुष गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद दोनों वहां से भाग निकलीं। कुछ देर बाद जब वे दोबारा आगे बढ़ीं तो वही स्कॉर्पियो पीछे से आ गई। दोनों युवतियां एवेन्यू-69 के पास खाने के स्टॉल की तरफ भागीं। वहां से एक गली के रास्ते पीजी में पहुंचीं। युवती का आरोप है कि कार सवारों ने उनका पीछा जारी रखा। पीजी में मौजूद कुछ युवकों की मदद से उसकी रूममेट भी अंदर पहुंच सकी। इसके बाद स्कॉर्पियो करीब 30 मिनट तक पीजी के बाहर खड़ी रही।

युवती ने बताया कि डर के कारण वे सुबह करीब छह बजे तक सो नहीं सकीं। महिला कार सवार ने उनका मोबाइल नंबर भी ले लिया था। अगले दिन सुबह एक अनजान नंबर से फोन आया, जिसे युवती ने ब्लॉक कर दिया। दोपहर में दूसरे नंबर से संदेश भी आया। बाद में युवती के एक परिचित ने संबंधित व्यक्ति से बात की, जिसके बाद कथित तौर पर उसने माफी मांगने और दोबारा संपर्क नहीं करने की बात कही।

अंधेरे रास्ते और गश्त पर उठाए सवाल
युवती ने सोशल मीडिया पोस्ट में ट्यूलिप चौक से सेक्टर-70 के आसपास के रास्ते पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने का मुद्दा उठाया है। उसने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से रात के समय गश्त बढ़ाने और सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग की है। युवती का कहना है कि दोनों का मकसद सिर्फ रात को टहलने के बाद सुरक्षित अपने पीजी लौटना था, लेकिन उन्हें घंटों डर के माहौल में रहना पड़ा। 

पुलिस ने कही यह बात
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि युवती से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी संपर्क नहीं हो सका है। मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed