{"_id":"62d0878d7eca9f217e42a214","slug":"the-strings-of-the-accused-who-brought-pistols-from-vietnam-are-related-to-gurugram","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram News : गुरुग्राम से जुड़े हैं वियतनाम से पिस्तौल लाने वाले आरोपियों के तार, हरकत में आई पुलिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram News : गुरुग्राम से जुड़े हैं वियतनाम से पिस्तौल लाने वाले आरोपियों के तार, हरकत में आई पुलिस
Fri, 15 Jul 2022 02:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 15 Jul 2022 02:45 AM IST
सार
भोंडसी स्थित डिफेंस कॉलोनी में है आरोपियों का फार्म हाउस। इसी साल पड़ोसी से विवाद के मामले में दोनों भाई जा चुके हैं जेल।
विज्ञापन
demo pic...
- फोटो : amar ujala
विस्तार
आईजीआई पर बुधवार को हथियार तस्करी के आरोप में पकड़े गए वियतनाम से लौटे दंपती जगजीत और जसविंदर कौर के तार गुरुग्राम से जुड़े हैं। दंपती को 45 पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों भोंडसी की डिफेंस कॉलोनी में स्थित आलीशान फॉर्म हाउस में रहते हैं। एनआईए से जांच की सिफारिश के बाद गुरुग्राम पुलिस भी हरकत में आ गई है।
विज्ञापन
गुरुग्राम पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जगजीत व उसके बड़े भाई मंजीत सिंह का 22 फरवरी को फार्म हाउस के सामने मिट्टी डालने के मामले में पड़ोसी सरजीत से विवाद हुआ था। इस पर दोनों भाइयों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मंजीत की रिवाल्वर जब्त कर ली गई थी।
विज्ञापन
फिलहाल दोनों भाई जमानत पर हैं। पुलिस न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है। फार्म हाउस के आस-पास के लोगों को गिरफ्तार दंपती के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक फार्म हाउस में लग्जरी कारें आती हैं फिर गेट बंद हो जाता है। उनसे मिलने वालों के बारे में कोई कुछ नही जानता। गुरुग्राम पुलिस के उच्चाधिकारियों के मुताबिक अभी इस संबंध में किसी ने संपर्क नहीं किया है, लेकिन इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय पुलिस सतर्क है। दंपती के फार्म हाउस के आस-पास चल रही गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन
कस्टम विभाग ने एनआईए से की जांच की मांग
कस्टम विभाग ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जब्त की गई 45 हैंडगन से जुड़े आतंकी संबंधी संपर्कों की अनिवार्य जांच को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को पत्र लिखा है। कस्टम विभाग ने कहा है कि संघीय जांच एजेंसी इस मामले से जुड़े संदिग्ध आतंकी षड्यंत्र की जांच कर सकती है। एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में एनआईए को एक पत्र लिखा गया है।
साथ ही हवाई अड्डे पर निरीक्षण के लिए आई एनआईए की एक टीम को पूरे मामले की जानकारी दी गई है। कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुग्राम के दंपती को 45 हैंडगन के साथ गिरफ्तार किया था। दंपती कथित तौर पर जर्मनी और इटली से भारत में इन हैंडगनों की तस्करी कर रहा था।