फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Gurugram News ›   Relief from traffic jams at Subhash Chowk; service road to be widened.

Gurugram News: सुभाष चौक पर जाम से मिलेगी राहत, सर्विस रोड होगी चौड़ी

Sat, 10 Oct 2026 12:39 AM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Sat, 10 Oct 2026 12:39 AM IST
विज्ञापन
Relief from traffic jams at Subhash Chowk; service road to be widened.
निजी स्कूल की जमीन लेने की तैयारी, मास्टर सीवर लाइन भी होगी शिफ्ट, एनएचएआई ने प्रक्रिया बढ़ाई आगे
विज्ञापन



मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड नेशनल हाईवे की राह में जाम का रोड़ा बने सुभाष चौक पर यातायात सुगम करने की तैयारी तेज हो गई है। चौक की सर्विस रोड को चौड़ा करने के लिए एक निजी स्कूल की जमीन लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। हाईवे की सर्विस रोड के दोनों ओर सड़क चौड़ी की जाएगी। इसके साथ ही मुख्य कॉरिडोर के बीच से गुजर रही गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की मास्टर सीवर लाइन को भी सर्विस रोड पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए टिकरी गांव में 0.1157 हेक्टेयर निजी भूमि अधिग्रहीत करने के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिसूचना जारी कर दी है।
सुभाष चौक शहर के व्यस्त चौराहों में शामिल है। खासकर अंडरपास से निकलने के बाद मुख्य सड़क और सर्विस रोड के वाहन आपस में उलझ जाते हैं। सर्विस रोड की कम चौड़ाई के कारण यातायात प्रभावित होता है। ऐसे में सड़क चौड़ी होने और वाहनों के प्रवेश व निकास बिंदुओं के बीच दूरी बढ़ने से जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। एनएचएआई की योजना के तहत अंडरपास से निकलने वाले वाहनों के लिए एंट्री और एग्जिट प्वाइंट के बीच की दूरी बढ़ाई जाएगी। इससे मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर वाहनों का दबाव संतुलित किया जा सकेगा। गुरुग्राम से सोहना की ओर जाने वाली सर्विस रोड के किनारे निजी स्कूल की जमीन है। सड़क चौड़ी करने के लिए जरूरत के अनुसार इस जमीन को लेने की तैयारी है। वहीं, सोहना से गुरुग्राम की ओर आने वाली सर्विस रोड के साथ ग्रीन बेल्ट है। एनएचएआई के अधिकारी योगेश तिलक ने बताया कि इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
विज्ञापन



मास्टर सीवर लाइन के कारण सड़क धंसने का खतरा
सुभाष चौक के पास से गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड रोड का कॉरिडोर शुरू होता है। इस क्षेत्र में जीएमडीए की मास्टर सीवर लाइन कॉरिडोर के बीच से जा रही है। इसके कारण कई बार सड़क धंसने की समस्या सामने आ चुकी है। ऐसे में सर्विस रोड चौड़ी करने के साथ सीवर लाइन को भी शिफ्ट करने की योजना है। इसके लिए जमीन उपलब्ध होना जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


राजीव चौक पर भी एलिवेटेड कॉरिडोर की तैयारी
दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित राजीव चौक पर भी जाम से राहत दिलाने के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर की योजना पर काम चल रहा है। एनएचएआई इसका डिजाइन तैयार कर रहा है। प्रस्ताव के अनुसार, गुरुग्राम-सोहना हाईवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे के बीच यातायात सुगम करने के लिए ग्रेड सेपरेटर और एलिवेटेड कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। योजना में दिल्ली से सोहना की ओर जाने वाले वाहनों के लिए दो लेन का समर्पित लेफ्ट टर्निंग स्ट्रक्चर बनाने का प्रस्ताव है। वहीं, सोहना से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग यातायात व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके लिए ताऊ देवीलाल खेल परिसर की जमीन का इस्तेमाल करने और बीएसएनएल की जमीन लेने की जरूरत पड़ सकती है। राजीव चौक और सुभाष चौक दोनों ही गुरुग्राम-सोहना मार्ग पर यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। राजीव चौक पर एलिवेटेड कॉरिडोर और सुभाष चौक पर सर्विस रोड चौड़ी करने की योजनाओं से इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

टिकरी गांव में जमीन का अधिग्रहण होगा
राष्ट्रीय राजमार्ग-248ए के निर्माण, चौड़ीकरण और संचालन के लिए एनएचएआई ने टिकरी गांव में 0.1157 हेक्टेयर निजी भूमि अधिग्रहीत करने के संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसमें 0.098 हेक्टेयर, 0.0051 हेक्टेयर और 0.0126 हेक्टेयर भूमि शामिल है। प्रस्तावित अधिग्रहण में स्कूल और गैर-कृषि भूमि भी शामिल है। एनएचएआई यहां पर दो या चार लेन बनाने की योजना रखता है। अधिसूचना के अनुसार, भूमि में रुचि रखने वाले व्यक्ति राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से 21 दिनों के भीतर प्रस्तावित अधिग्रहण और भूमि के उपयोग को लेकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति सक्षम प्राधिकारी एवं जिला राजस्व अधिकारी, गुरुग्राम के समक्ष लिखित रूप में प्रस्तुत करनी होगी।


दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ता है गुरुग्राम-सोहना हाईवे
दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर राजीव चौक से गुरुग्राम-सोहना नेशनल हाईवे जुड़ता है। सुभाष चौक अंडरपास से निकलने के बाद यह हाईवे एलिवेटेड हो जाता है और आगे सोहना के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ता है। राजीव चौक और सुभाष चौक पर जाम लगने के कारण वाहन चालकों को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए एनएचएआई और जीएमडीए दोनों चौकों पर यातायात सुगम बनाने और जाम की समस्या दूर करने के लिए मिलकर कदम उठा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed