गुरुग्राम। आगामी 5 से 7 अप्रैल तक हिसार में इंटर सर्कल खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के सभी 11 ऑपरेशन सर्कल के अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे। मंगलवार को सिटी डिविजन के कार्यकारी अभियंता हवा सिंह जाखड़ की देखरेख में महरौली रोड स्थित सर्कल कार्यालय के पास के मैदान में विभिन्न खेलों के लिए विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए ट्रायल आयोजित किया गया।
कार्यकारी अभियंता हवा सिंह जाखड़ ने बताया कि इंटर सर्कल खेलकूद प्रतियोगिता में बैडमिंटन, टग ऑफ वार, कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, फुटबॉल, एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, शॉट पुट एंड डिस्क थ्रो आदि खेलों का आयोजन होगा। महिला खिलाड़ी केवल बैडमिंटन, टग ऑफ वार, एथलेटिक के 100 मीटर, 200 मीटर, शॉट पुट में ही भाग ले सकती हैं। उन्होंने बताया कि एक ऑपरेशन सर्कल से 57 पुरुष खिलाड़ी और 14 महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। हवा सिंह जाखड़ ने बताया कि ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का नाम सूची में शामिल किया जाएगा और उन्हें अपने खेल को बेहतर करने के लिए नियमित अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। गुरुग्राम में कार्यरत बिजली निगम का कोई भी स्थायी कर्मचारी यदि इन खेलों में भाग लेना चाहता है तो महरौली रोड स्थित सर्किल कार्यालय में संपर्क कर सकता है।