गुरुग्राम। पिछले साल दिवाली के आसपास कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ी थी और फिर से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे में सवाल है कि कोरोना बचाव नियमों के पालन को लेकर जो लापरवाही की जा रही है, वह कहीं भारी न पड़ जाए। पिछले दो दिनों में कोरोना के 18 नए मरीज आए हैं, जबकि इस अवधि में सिर्फ 11 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया है। हालात यह है कि अब जिले में 57 मरीज सक्रिय हैं।
इसमें से 5 मरीज जिला कोविड अस्पतालों में भर्ती हैं। हालांकि, सितंबर में एक समय रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या कम होकर 3-4 तक रह गई थी, लेकिन अब यह आंकड़ा बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मरीजों की पहचान के लिए जांच अभियान जारी है। इसी क्रम में बुधवार को भी जिले में 3293 लोगों से कोविड जांच के लिए नमूने लिए गए, जिसमें से 656 लोगों की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई। जबकि 2367 लोगों की आरटी-पीसीआर के जरिए जांच होगी। इसी के साथ अब तक हुई कुल जांच की संख्या 2090478 पर पहुंच गई है। वहीं, अब तक कोरोना संक्रमण की चपेट में आए 181487 मरीजों में से 180507 लोग स्वस्थ हो गए हैं।