{"_id":"69e673fedc943522b3015095","slug":"mewat-will-study-mewat-will-progress-youth-of-the-district-will-get-free-coaching-for-neet-iit-jee-exams-gurgaon-news-c-25-1-mwt1001-111428-2026-04-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram News: पढ़ेगा मेवात-बढ़ेगा मेवात के जिले के युवाओं को मिलेगी नीट, आईआईटी, जेईई परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram News: पढ़ेगा मेवात-बढ़ेगा मेवात के जिले के युवाओं को मिलेगी नीट, आईआईटी, जेईई परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग
विज्ञापन
विज्ञापन
विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर हुआ, डीसी ने दीं शुभकामनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह।
जिले के युवाओं को निशुल्क कोचिंग देकर नीट, आईआईटी, जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की प्रशासन की पहल में सोमवार को एक बड़ी पहल हुई। पढ़ेगा मेवात-बढ़ेगा मेवात एवं तालीम से तरक्की कार्यक्रम के तहत मेवात विकास अभिकरण के माध्यम से राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मढ़ी में संचालित मेवात उत्कृष्टता केंद्र के तहत नीट व आईआईटी/जेईई प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नए कोचिंग कक्षा सत्र का शुभारंभ किया गया।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कोचिंग कक्षा सत्र का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों के लिए इसे नई शैक्षिक पहल बताते हुए कहा कि जिला नूंह के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से इस कोचिंग सेंटर की शुरुआत की गई है। इस रेजिडेंशियल कोचिंग कक्षा में कक्षा 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों की नीट व आईआईटी-जेईई प्रवेश परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी करवाई जाएगी।
विज्ञापन
कोचिंग लेने वाले विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया गया है, जिससे योग्य व उत्साही विद्यार्थियों को ही अवसर दिया गया है। चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उपायुक्त ने कहा कि यह सेंटर जिला नूंह में अपनी तरह का पहला प्रयास है। पहले बैच के कई विद्यार्थी नीट व आईआईटी/जेईई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल रहे हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे इस कोचिंग सेंटर में मन लगाकर पढ़ाई करें और इस अवसर व सुविधा का भरपूर लाभ उठाएं। हमारा प्रयास है कि जिले के होनहार बच्चे देश के श्रेष्ठ संस्थानों में दाखिला लेकर मेवात का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस सेंटर की सफलता से आने वाले वर्षों में और भी बच्चे प्रेरित होंगे और शिक्षा के क्षेत्र में मेवात की छवि बदलने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि अब मेवात क्षेत्र की लड़कियां भी आगे आ रही हैं, जोकि एक नए युग की शुरुआत है। इस बार इस संस्थान में कोचिंग करने वाले विद्यार्थियों का आईआईटी दिल्ली में विजिट करवाया जाएगा। मेडिकल कालेज के विद्यार्थियों से इंटर-एक्शन करने का अवसर दिया जाएगा, ताकि बच्चों के आत्मविश्वास में बढ़ोतरी हो। प्रशासन इन विद्यार्थियों की सभी प्रकार की सहूलियत का ध्यान रखेगा, लेकिन बच्चों को भी शिक्षा व इस कोचिंग के प्रति पूरा समर्पण दिखाना होगा। एमडीए की ओर से मेवात के बच्चों को शिक्षा में आगे बढ़ाने के लिए नूंह शहर में एक बड़ी लाइब्रेरी बनाने व एक एक्सीलेंस सेंटर बनाने की शुरुआत कर दी है।
एमडीए के डिप्टी सीईओ अशोक कुमार ने बताया कि इस कोचिंग सेंटर की शुरुआत गत वर्ष की गई थी। इस वर्ष कोचिंग कक्षाओं की शुरुआत अभी से कर दी गई है, जिससे बच्चों को तैयारी का पूरा समय मिलेगा। यहां पर बच्चों को सभी प्रकार की कोचिंग व रेजिडेंशियल सुविधाएं दी जाएंगी। इस बार कोचिंग के लिए 74 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। बच्चों की मांग के अनुसार री-एपियर तैयारी के लिए भी कक्षाएं शुरू की जा सकती हैं। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान, विज्ञान विशेषज्ञ रामकिशन, पीओ शमीम अहमद सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी तथा विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे।