गुरुग्राम में लूट: सेवानिवृत्त कर्नल के परिवार को 30 मिनट तक बनाया बंधक, ज्वेलरी और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश
गुरुग्राम के सेक्टर-23 में चार नकाबपोश बदमाशों ने सेवानिवृत्त कर्नल के बेटे, बहू और पोती को 30 मिनट तक बंधक बनाकर रखा। बदमाश नकदी, सोने और डायमंड की ज्वेलरी समेत तीन मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
विस्तार
गुरुग्राम के पालम विहार थाना क्षेत्र के सेक्टर-23 में सेवानिवृत्त कर्नल के मकान में चाकू और पेचकस की नोक पर लूट का मामला सामने आया है। चार नकाबपोश बदमाशों ने सेवानिवृत्त कर्नल के पहली मंजिल पर रहने वाले बेटे, बहू और 11 वर्षीय पोती को करीब 30 मिनट तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान बदमाश आठ हजार रुपये नकद, सोने और डायमंड की ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए।
सेक्टर-23 स्थित मकान नंबर 237 में ग्राउंड फ्लोर पर सेवानिवृत्त कर्नल सी.एल. जैन अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। पहली मंजिल पर उनका बेटा विकास जैन, पत्नी राखी और 11 वर्षीय बेटी के साथ रहता है। तीन जून की रात तीनों पहली मंजिल पर थे। विकास अपने कमरे में सो गए थे और उन्होंने रोजाना की तरह अंदर से कुंडी लगा ली थी। दूसरे कमरे में उनकी पत्नी और बेटी सो रही थीं।
कुछ देर बाद चारों नकाबपोश उस कमरे में पहुंचे, जहां राखी और उनकी बेटी सो रही थीं। बदमाशों ने दोनों को बंधक बना लिया। राखी ने विरोध किया, लेकिन आरोपियों ने मां-बेटी को चाकू और पेचकस की नोक पर धमकाकर कब्जे में रखा। इसके बाद उन्होंने कमरे की अलमारियां खंगालीं और ज्वेलरी लूट ली। बदमाशों ने उनके पहने हुए सोने और डायमंड के ईयररिंग्स, नोजपिन और कंगन तक उतरवा लिए।
करीब 20 मिनट बाद आरोपियों ने विकास का कमरा खुलवाया और तीनों को उसी कमरे में बंधक बनाकर रखा। विकास ने बताया कि आरोपी लगातार पूछते रहे कि नीचे कौन रहता है और पड़ोस के मकान में कौन रहता है। करीब 10 मिनट तक उन्हें इसी कमरे में बंधक बनाए रखा गया।
बदमाश तीन मोबाइल फोन भी लूट ले गए। जाते समय उन्होंने पुलिस या मीडिया को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी और पीछे के रास्ते से फरार हो गए। आरोपियों के जाने के करीब 10 मिनट बाद परिवार ने खुद को संभाला और विकास जैन ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
विकास के अनुसार, वह तीन से चार मिनट बाद नीचे पहुंचे तो उन्हें एक पीसीआर जाती हुई दिखाई दी। उन्होंने उसे रुकवाकर मदद मांगी। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों को तब तक लूट की सूचना मिलने की जानकारी नहीं थी। इसके बाद पुलिस की टीमें और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड समेत अन्य टीमों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी उद्योग विहार कुलदीप सिंह ने बताया कि पालम विहार थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के लिए टीमों का गठन किया गया है।