{"_id":"5d4c632c8ebc3e6cc226a6f4","slug":"in-the-roadrage-chairman-was-brutelly-beaten-gurgaon-news-noi4540915128","type":"story","status":"publish","title_hn":"रोडरेज में कार रुकवाकर सेल चेयरमैन को रॉड से पीटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रोडरेज में कार रुकवाकर सेल चेयरमैन को रॉड से पीटा
Fri, 09 Aug 2019 06:29 AM IST
नोएडा ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: नोएडा ब्यूरो
Updated Fri, 09 Aug 2019 06:29 AM IST
विज्ञापन
रोडरेज के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिण दिल्ली के हौजखास इलाके में बुधवार रात महज कार टच हो जाने पर चार युवकों ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) के चेयरमैन अनिल कुमार चौधरी की कार रुकवाकर उन पर रॉड से हमला कर दिया। वारदात के समय अनिल दफ्तर से दक्षिण दिल्ली स्थित अपने घर जा रहे थे।
विज्ञापन
आरोपियों ने उनके चालक की गर्दन पकड़कर उसे भी पीटा। गनीमत यह रही कि वहां से पुलिस का पेट्रोलिंग स्टाफ गुजर रहा था। हंगामा होते देखकर स्टाफ वहां पहुंचा और दो आरोपियों को दबोच लिया।
विज्ञापन
घायल अनिल व उनके चालक को एम्स के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान द्वारका निवासी ललित और उत्तम नगर निवासी अमरजीत के रूप में हुई। पुलिस उनसे पूछताछ कर फरार साथियों की तलाश कर रही है। आरोपियों ने शराब पी रखी थी।
विज्ञापन
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि वारदात अगस्त क्रांति मार्ग पर हुडको पैलेस के पास हुई। रात करीब 10.50 बजे सेल के चेयरमैन अपनी सरकारी गाड़ी से दफ्तर से दक्षिणी दिल्ली स्थित अपने घर जा रहे थे। इस बीच अगस्त क्रांति मार्ग पर कार सवार चार लड़कों ने अचानक ओवरटेक कर उनकी कार को रुकवा लिया। आरोप है कि कार से चार युवक उतरे और उन्होंने चालक को जबरन उतार लिया।
अनिल ने कार से उतरकर विरोध किया, तो तीन युवकों ने उन्हें पकड़ा और रॉड से हमला कर दिया। अनिल के कंधे, हाथ और टांग में गंभीर चोटें लगीं। शोर-शराबा हुआ तो हौजखास थाने का बाइक पेट्रोलिंग स्टाफ वहां से गुजरता हुआ मौके पर पहुंचा। उन्होंने दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि बाकी दो मौके से फरार हो गए।
पुलिसकर्मियों को जब पता चला कि पीड़ित सेल के चेयरमैन हैं, तो फौरन उन्हें और उनके चालक को पीसीआर वैन से अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि अनिल की गाड़ी युवकों की कार से टच हो गई थी, जिसके बाद इन युवकों ने अनिल की कार का पीछा कर रुकवाकर हमला कर दिया। पुलिस आरोपी ललित और अमरजीत से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
मैं आरोपियों के हिंसक हमले से आश्चर्यचकित हूं। अगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो कुछ भी हो सकता था। मैं दिल्ली पुलिस का बहुत-बहुत आभारी हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि पुलिस इस मामले की जांच करेगी और सभी आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
-अनिल कुमार चौधरी, चेयरमैन, सेल