कहीं आप बहरे न हो जाएं: इयरफोन डाल रहा आपके कानों की सेहत पर असर, डॉक्टरों ने बताया इस्तेमाल करने का सही तरीका
ईयरफोन एक्सचेंज करने से कान में संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है, क्योंकि किसी और का ईयरफोन इस्तेमाल करने से इसमें मौजूद स्पंज के जरिए दूसरे के कान के बैक्टीरिया आपके कान में आ जाते हैं।
विस्तार
लगातार घंटों इयरफोन का प्रयोग लोगों की कानों की सेहत पर असर डाल रहा है। गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन पांच से सात मरीज इयरफोन के प्रयोग से हो रहे दुष्प्रभावों का इलाज कराने पहुंच रहे हैं। इन मरीजों को सिर दर्द, कान दर्द, कम सुनाई देना, टिनिटस (कानों का बजना), कान में संक्रमण जैसी समस्याएं हो रही हैं।
नागरिक अस्पताल के ईएनटी विभाग की मेडिकल ऑफिसर डॉ. सबीना बंसल ने बताया कि इयरफोन की बनावट और इयरफोन का ज्यादा प्रयोग कानों की सेहत खराब कर रहा है। इयरफोन के रबर बड्स का कान के अंदर जाने का खतरा होता है। साथ ही तेज आवाज में गाने सुनने से भी कानों को परेशानी होती है। इसके अलावा सोने और दिन के समय इयरफोन का प्रयोग सिर दर्द का कारण बनती है। इसलिए इयरफोन का प्रयोग जरुरत के अनुसार ही करना चाहिए।
बहरेपन का भी हो सकते हैं शिकार
लंबे वक्त तक इयरफोन के इस्तेमाल से बहरेपन के भी शिकार हो सकते हैं। देर तक इयरफोन लगाए रखने से कानों की नसों पर दबाव पड़ने लगता है जिससे नसों में सूजन की समस्या बढ़ जाती है। वाइब्रेशन की वजह से हियरिंग सेल्स संवेदनशील होने लगता है जिससे बहरे भी हो सकते हैं। इसके अलावा अक्सर लोग जरुरत पड़ने पर एक-दूसरे के साथ अपने इयरफोन की अदला-बदली करते हैं। ऐसा करना आपके लिए काफी नुकसानदेय हो सकता है। दरअसल, ईयरफोन एक्सचेंज करने से कान में संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है, क्योंकि किसी और का ईयरफोन इस्तेमाल करने से इसमें मौजूद स्पंज के जरिए दूसरे के कान के बैक्टीरिया आपके कान में आ जाते हैं। इसलिए जब भी आप किसी और को अपना ईयरफोन दें, तो वापस मिलने पर उसका स्पंज साफ करने के बाद ही उसे इस्तेमाल करें।
इन बातों का रखें ध्यान
वरिष्ठ ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. अमिताभ मलिक बताते हैं कि इयरफोन का उपयोग जरुरत के अनुसार ही करना चाहिए। मध्यम आवाज के स्तर पर लगातार 60 मिनट से ज्यादा इयरफोन का उपयोग नहीं करना चाहिए। 60 मिनट के बाद कानों को आराम देने के लिए 5-10 मिनट का ब्रेक लेना चाहिए। लंबे समय तक इयरफोन का उपयोग माइग्रेन को भी बढ़ा सकता है। सोते समय इयरफोन का प्रयोग करने से नींद के पैटर्न में भी बाधा आ सकती है। लोगों को नियमित ब्रेक लेकर और कम वॉल्यूम पर रखकर इयरफोन का प्रयोग करना चाहिए।