Gurugram: जल्द शुरू होगा द्वारका एक्सप्रेसवे, केंद्रीय मंत्री गडकरी और राव इंद्रजीत के साथ बैठक में बनी सहमति
राव इंद्रजीत ने अगले 15 दिन में एक्सप्रेसवे शुरू होने की उम्मीद जताई है। उधर, मौखिक आदेशों के बाद अब एनएचएआई के अधिकारी भी द्वारका एक्सप्रेसवे को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
द्वारका एक्सप्रेसवे के शुरू होने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसके लिए मंगलवार को केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। बैठक में गुरुग्राम के हिस्से वाले द्वारका एक्सप्रेसवे को खोलने के लिए सहमति बनी है। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को मौखिक आदेश जारी कर दिए हैं।
राव इंद्रजीत ने अगले 15 दिन में एक्सप्रेसवे शुरू होने की उम्मीद जताई है। उधर, मौखिक आदेशों के बाद अब एनएचएआई के अधिकारी भी द्वारका एक्सप्रेसवे को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक इस माह लोगों को इस मार्ग पर यातायात की सुविधा मिलने लगेगी। जल्द ही औपचारिक रूप से इसके लोकार्पण की भी घोषणा की जाएगी।
इस वर्ष जिला से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाएं धरातल पर साकार होंगी। कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम भी शुरू होगा। जिला उपायुक्त निशांत कुमार पहले ही द्वारका एक्सप्रेसवे को फरवरी माह में शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं। इस संदर्भ में सरकार के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को भी पत्र भेजा जा चुका है। उधर, मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी अगले 15 दिनों में एक्सप्रेस वे को शुरू करने की सहमति दी है।
एक्सप्रेसवे को चार हिस्सों में किया गया है विभाजित
एक्सप्रेसवे को चार हिस्सों में विभाजित किया गया है। इसमें पहला हिस्सा महिपालपुर के पास शिव मूर्ति से द्वारका तक का है। दूसरा द्वारका अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर) से बजघेड़ा तक है।
तीसरा हिस्सा बजघेड़ा से बसई रेल ओवरब्रिज (दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर) का है। चौथा हिस्सा बसई आरओबी से खेड़की दौला तक है। इसमें गुरुग्राम में पड़ने वाले राजमार्ग के हिस्से में क्लोवरलीफ इंटरचेंज शामिल है, यह दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे (एनएच -48) और खेड़की दौला के पास दक्षिणी पेरिफेरल रोड (एसपीआर) को जोड़ेगा।
खेड़की दौला टोल शिफ्ट कराने पर भी चर्चा
बैठक में खेड़की दौला टोल प्लाजा को हटाने की भी चर्चा की गई। राव ने बताया कि टोल की समय अवधि पूरी हो चुकी है। राज्य सरकार भी टोल शिफ्ट करने के लिए दूसरी जगह देने को तैयार है। ऐसे में जल्द से जल्द इस टोल को शिफ्ट किया जाए। गडकरी ने राव को बताया कि टोल वसूली के लिए नई योजना तैयार कर ली गई है।
गुरुग्राम -रेवाड़ी -पटौदी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण धीमा
राव इंद्रजीत ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से चर्चा करते हुए कहा कि कंपनी गुरुग्राम -रेवाड़ी -पटौदी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण को लेकर गंभीर नहीं है। निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। इस पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि कंपनी के साथ बैठक कर निर्माण कार्य की समीक्षा की गई है। इस दौरान निर्देश दिए गए हैं कि जुलाई तक निर्माण कार्य पूरा कर लें।
एनएचएआई बनाएगा होंडा से उमंग भारद्वाज चौक तक एलिवेटेड रोड
केंद्रीय मंत्री ने गडकरी से गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक एलिवेटेड रोड बनाने की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के नोटिफिकेशन के अनुसार हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक एनएचएआई का भाग था। उसके बावजूद अधिकारियों ने इसको एलिवेटेड बनाने के स्थान पर डी स्कोप कर दिया। राव ने गडकरी को बताया कि यह नीतिगत कार्य नहीं है। राव ने गडकरी को 2017 का नोटिफिकेशन दिखाया। इसमें इस रोड को एनएचएआई का भाग माना गया है।
गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस रोड को पुराने नोटिफिकेशन के अनुसार एनएच का हिस्सा माना जाए। इसे एलिवेटेड बनाने की योजना तैयार की जाए। बैठक में मौजूद जीएमडीए के अधिकारियों ने कहा कि हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अतिक्रमण भी तेजी से हटाया जा रहा है। जीएमडीए के अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बताया कि यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य भी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से ही किया जाता है।