Gurugram Accident: पिता के थप्पड़ मारने से गुस्साए युवक ने कार से एसीपी को मारी टक्कर, स्टंटबाज है आरोपी
कार से एसीपी को टक्कर मामले के मामले में गुरुग्राम सेक्टर 10 थाने में सीआईए अधिकारी के बयान पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज है। बीती 16 जनवरी को वारदात हुई थी। जिसका अब खुलासा हुआ है।
विस्तार
25 दिन पहले स्टंटबाजी करते एक युवक द्वारा एसीपी क्राइम पर ही गाड़ी चढ़ाने की बात सामने आई है। युवक इस बात से खफा था कि उसके पिता ने एसीपी के सामने ही न केवल उसे धमकाया, बल्कि उससे मारपीट भी की थी। इस पर युवक इस कदर झल्लाया कि उसने अपनी स्कॉर्पियो से वहां खड़े एसीपी को ही टक्कर मार दी। घायल एसीपी को 15 दिन अस्पताल में गुजारने पड़े। बीती 16 जनवरी को हुई यह वारदात अब सामने आई है।
पुलिस के अनुसार एसीपी क्राइम वरुण दहिया और सीआईए 31 में तैनात इंस्पेक्टर आनंद के साथ 16 जनवरी की रात को गढ़ी हरसरु इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान एक युवक स्कॉर्पियो से स्टंट कर रहा था। एसीपी ने युवक को डिटेन कर फोन करके उसके पिता को बुलाया। बताया जा रहा है कि युवक के पिता भी गुरुग्राम पुलिस में एसपीओ पद पर तैनात हैं।
उन्होंने मौके पर पहुंचकर युवक को जमकर लताड़ लगाने के साथ ही थप्पड़ मार दिया। इसी बात से खफा होकर युवक ने अपने पिता के सामने ही स्कॉर्पियो स्टॉर्ट की और एसीपी क्राइम सहित इंस्पेक्टर को टक्कर मारकर फरार हो गया। सीआईए में तैनात पुलिस अधिकारी के बयान पर सेक्टर 10 थाने में युवक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला भी दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने पूरे मामले में चुप्पी साध रखी है। एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सेक्टर दस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
साइबर सिटी में पहले भी स्टंटबाजी के वीडियो हुए वायरल
साइबर सिटी में पहले भी रील बनाने के चक्कर में स्टंटबाजी करने के मामले सामने आए हैं। इनमें जान को जोखिम में डालकर युवा शहर की सड़कों पर स्टंट करते हैं। दो माह पहले ही एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें चलती कार की छत पर बैठकर युवक शराब की बोतल लहराता दिखाई दिया। वहीं इसी गोल्फ कोर्स रोड पर चलती कार में आतिशबाजी का वीडियो सामने आया था। इसमें दिख रहा था कि चलती कार से लगातार पटाखे फूट रहे हैं। कार का दरवाजा खोलकर लटका युवक पटाखे जला रहा है। कार के पीछे बैठा युवक दूसरी गाड़ी से बाहर निकलकर इसका वीडियो भी बना रहा है।