3 दिसंबर को चालू होगा ग्रेनो का तीसरा एसटीपी, एनसीआरपीबी व जर्मनी की टीम ने मौके पर किया दौरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा का तीसरा एसटीपी 3 दिसंबर को शुरू होने जा रहा है। 20 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसका परीक्षण भी हो चुका है। वहीं, 15 एमएलडी का एक और एसटीपी 31 मार्च तक चालू हो सकेगा।
ये दोनों एसटीपी एनसीआर प्लानिंग बोर्ड (एनसीआरपीबी) के माध्यम से जर्मनी से वित्तीय मदद लेकर बनाए जा रहे हैं। ग्रेनो में पहले से बादलपुर और सेक्टर-137 में एसटीपी कार्यरत हैं। शुक्रवार को प्लानिंग बोर्ड व जर्मनी की संस्था केएफडब्ल्यू ने दोनों एसटीपी का मुआयना किया। अब तक की प्रगति पर रिपोर्ट ली है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से दो एसटीपी बन रहे हैं। पहला ईकोटेक थ्री में 20 एमएलडी और दूसरा ईकोटेक वन में 15 एमएलडी का हैं। पहले यह दो स्तरीय शोधन प्रणाली के हिसाब से बन रहे थे। तब इनकी लागत 48.9 करोड़ रुपये थी। बाद में एनजीटी ने त्रिस्तरीय शोधन प्रणाली के तहत एसटीपी बनाने के निर्देश दिए।
शोधन प्रणाली को अपडेट करने की वजह से दोनों की लागत 48.9 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 59 करोड़ हो गई, जिसमें से एनसीआरपीबी से करीब 75 फीसदी रकम यानी 44.1 करोड़ रुपये का लोन ले लिया। प्लानिंग बोर्ड ने जर्मनी की वित्तीय संस्था से करार के तहत यह लोन दिलवाया था।
इसमें यह शर्त है कि अगर प्राधिकरण ने एसटीपी को तय समय पर चालू कर दिया तो इस रकम पर 15 फीसदी बतौर अनुदान छूट दी जाएगी। 31 दिसंबर तक चालू करने का लक्ष्य है। प्राधिकरण का दावा है कि ईकोटेक थ्री में बन रहे 20 एमएलडी प्लांट को चालू कर दिया जाएगा, लेकिन ईकोटेक वन में बन रहा 15 एमएलडी का एसटीपी 31 मार्च तक शुरू हो सकेगा। हालांकि प्राधिकरण प्रयासरत है कि एनसीआरपीबी से 31 मार्च तक का समय ले लिया जाए, जिससे कि प्लांट का काम पूरा कर अनुदान का लाभ लिया जा सके।
एयरपोर्ट के निर्माण में होगा पानी का इस्तेमाल
ग्रेटर नोएडा में दो एसटीपी के चालू होने के रोजाना 35 एमएलडी सीवेज शोधित होगा। उससे निकलने वाले पानी का इस्तेमाल एनटीपीसी करेगा साथ ही इसका इस्तेमाल जेवर में प्रस्तावित एयरपोर्ट के निर्माण में होगा। एयरपोर्ट के निर्माण में भूजल दोहन नहीं होना है। इस पानी से उसका निर्माण होगा। शेष पानी का इस्तेमाल शहर में पेड़-पौधों की सिंचाई में होगा।
बीते सप्ताह प्लानिंग बोर्ड के अधिकारियों व जर्मनी की संस्था केएफडब्ल्यू के साथ बैठक हुई है। यहां के दोनों एसटीपी की प्रगति रिपोर्ट दी गई है। एक एसटीपी दिसंबर में और दूसरा 31 मार्च से पहले चालू करने की योजना है। -केके गुप्त, एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण