ग्रेटर नोएडा: वर्चस्व की लड़ाई को लेकर गैंगवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के हतेवा फार्म के पास सोमवार दोपहर क्षेत्र के ही शराब तस्करों के दो गुटों में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर जमकर गोलीबारी हुई। दोनों ओर से दर्जनों राउंड फायरिंग की गई। इस घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। हालांकि दनकौर पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दनकौर कोतवाली क्षेत्र के दो गांवों के लोग शराब की तस्करी करते हैं। आरोप है कि सोमवार तड़के एक गुट अवैध शराब की सप्लाई के लिए ले जा रहा था। जिसकी सूचना दूसरे गुट ने पुलिस को दे दी। दनकौर पुलिस आरोपी गुट को दबोचने के लिए सक्रिय हो गई।
जिससे उन्हें शराब वापस हरियाणा ले जाना पड़ा। इसी बात से गुस्साए उक्त गुट ने पुलिस को सूचना देने वाले गुट की लोकेशन ली और हतेवा फार्म के पास सोमवार दोपहर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में दूसरे गुट ने भी फायरिंग की। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोगों ने उधर जाने वाले राहगीरों को रोक दिया।
करीब एक घंटे तक जमकर फायरिंग हुई। आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी लेकिन एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं आई। हालांकि इस घटना में एक युवक के घायल होने की सूचना है। उधर, दनकौर पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी होने से ही इंकार कर दिया है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी।
तीन घरों से लाखों की चोरी
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के भौरा गांव में रविवार रात को जितेंद्र के घर पर चोरों ने दो लाख के जेवर और करीब 40 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। घटना के समय परिवार के लोग छत पर सोए हुए थे। इसके बाद चोरों ने पड़ोस में नेपाल के घर से 25 हजार रुपये और डेढ़ लाख के जेवरा चुरा लिए।
यहां के बाद चोर पड़ोस के चेतनराज के घर से पांच हजार रुपये और करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर चुराकर ले गए। इसके बाद चौथे घर पर जब चोर पहुंचे तो लोग जाग गए और उनका पीछा किया। इस पर चोर ग्रामीणों पर फायरिंग कर फरार हो गए। सभी ने पुलिस से चोरी की तहरीर दे दी है।
युवक से लूटी बाइक
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से बाइक और 15 सौ रुपये लूट लिए। पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। हरियाणा के पलवल थाना क्षेत्र के गांव राझीपुर निवासी हुकुम सिंह रबूपुरा किसी काम से आया था।
रविवार रात को फलैदा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उससे बाइक और नकदी लूट ली। पीड़ित के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल पर किसानों का हंगामा
ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली के सेक्टर-36 स्थित आईबेरी अस्पताल में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा जमकर हंगामा किया गया। किसानों का आरोप है कि डॉक्टर ने मरीज के शरीर से गलत हिस्सा निकाल दिया है।
कासना इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसानों से वार्ता कर न्याय देने का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर का कहना है मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।