दिल्ली में जबर्दस्त जमाखोरी, एक दिन में 104 FIR
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में जमाखोरी हो रही है। उपराज्यपाल नजीब जंग के निर्देश से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने दिल्ली में 529 जगह जमाखोरी की जांच करने के लिए जो छापेमारी की उसमें 104 जगह जमाखोरी मिली।
इनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अनिधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इतना ही नहीं 12 लाख किलो का अवैध स्टॉक भी छापेमारी पर गई 52 टीमों ने जब्त किया है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहायक आयुक्तों के नेतृत्व में खाद्य आपूर्ति अधिकारी, निरीक्षक और दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों के 52 दस्तों ने प्याज, आलू, दाल, खाद्य तेल, खाद्य तेल के बीज सहित आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी के खिलाफ छापेमारी की। छापेमारी देर शाम तक चल रही थी।
चावल-दाल के 12 लाख किलो का अवैध स्टॉक जब्त
खाद्य एवं आपूर्ति आयुक्त सज्जन सिंह यादव ने बताया कि दस्तों ने 549 परिसरों पर छापेमारी की। आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और लीगल मेट्रोलोजी एक्ट, 2009 का उल्लंघन पाए जाने पर 104 व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज कराया है। इससे पूर्व 19 जून को छापेमारी की गई थी जिसमें 42 व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
खाद्य एवं आपूर्ति आयुक्त के अनुसार जमाखोरी के सबसे अधिक मामले उत्तर जिला में सामने आए हैं। यहां 40 परिसरों में छापेमारी की गई, इनमें से 21 मामलों में एफआईआर दर्ज करवानी पड़ी। वहीं पूर्वी जिला में 78 जगह छापेमारी हुई जिसमें से गोदामों में अवैध स्टॉक मिला। पश्चिम दिल्ली में 15, दक्षिण दिल्ली व दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में 10-10 एफआईआर दर्ज करवाई गईं। उपराज्यपाल नजीब जंग ने खाद्य एवं आपूर्ति आयुक्त का छापेमारी जारी रखने और जमाखोरों के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कहां-कहां हुई छापेमारी
आजादपुर मंडी, वजीरपुर, शकूर बस्ती, शालीमार बाग, नरेला, रोहिणी, समयपुर, जहांगीर पुरी, मंगोलपुरी, हरि नगर, तिलक नगर, जनक पुरी, विकासपुरी, कालकाजी, बदरपुर, तुगलकाबाद, संगम विहार, आंबेडकर नगर, महरौली, छतरपुर, बिजवासन, नजफगढ़, पालम, द्वारका, मटियाला, उत्तम नगर, दिल्ली कैंट, ओखला, गोविंदपुरी, सदर बाजार, बल्लीमारान, मटिया महल, करोल बाग, पटेल नगर, गाजीपुर, खिचड़ीपुर, झील, लक्ष्मी नगर, त्रिलोकपुरी, लक्ष्मी बाई नगर, सरोजनी नगर, आईएनए मार्केट और मालवीय नगर।