{"_id":"570cec674f1c1b34744a6aff","slug":"government-will-conduct-social-audit-of-development-works-of-villages","type":"story","status":"publish","title_hn":"गांवों के विकास कार्यों का सोशल ऑडिट करवाएगी सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गांवों के विकास कार्यों का सोशल ऑडिट करवाएगी सरकार
ब्यूरो/अमर उजाला, गुड़गांव
Updated Wed, 13 Apr 2016 09:39 AM IST
विज्ञापन
- फोटो : demo pic
गांवों में विकास कार्य करवाने के लिए भेजी जाने वाली बड़ी रकम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है, इसलिए अब राज्य सरकार गांव में होने वाले विकास कार्यों का सोशल ऑडिट करवाएगी। ताकि विकास में होने वाले खर्चे का ब्योरा गांव के हर नागरिक के पास हो। ऐसा करने से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
विज्ञापन
इस बात की जानकारी मंगलवार को ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के तहत पंच-सरपंचों को संबोधित करते हुए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रदीप अहलावत ने दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा 14 से 24 अप्रैल तक ग्राम उदय से भारत उदय अभियान मनाए जाने का निर्णय लिया गया है जो तीन चरणों में होगा। यह कार्यक्रम डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में होगा।
विज्ञापन
अभियान के तहत मंगलवार को गुडग़ांव के लघु सचिवालय में जिले के चारों खंडों के पंचो-सरपंचों की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने की।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि पहला चरण में सामाजिक समरसता समारोह 14 से 16 अप्रैल तक आयोजित किए जाएंगे। जिसके तहत भाईचारा व सौहार्द बढ़ाने के लिए कार्यक्रम व गतिविधियां आयोजित करवाई जाएंगी। दूसरे चरण में ग्राम किसान सभाएं होंगी। इसका आयोजन 17 से 20 अप्रैल तक होगा। इसके तहत गांव के लोग कृषि, बागवानी, सिंचाई और फसल के बारे में जानकारी लेंगे। तीसरे और अंतिम चरण में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें गांव के गौरव अर्थात गांव का ऐसा व्यक्ति जो शिक्षक, स्वतंत्रता सेनानी और डॉक्टर आदि हो, अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया जाएगा।
अभियान के तहत जिले के प्रत्येक खंड से पांच-पांच सरपंच झारखंड के जमशेदपुर जाएंगे ताकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए जाने वाले संदेश को लाइव देख सकें। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने उपस्थित सरपंचों और पंचों से कहा कि ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराएं ताकि आने वाले समय में पंचायत विभाग के पास इसका डाटा भी हो। इस मौके पर जिला परिषद् के चैयरमेन कल्याण सिंह चौहान व जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ऋषि डांगी भी मौजूद रहे।