{"_id":"5a698b744f1c1bb2208b533d","slug":"girl-teased-by-out-siders-in-school-in-gurugram","type":"story","status":"publish","title_hn":"नकाब लगा स्कूल की दीवार पर चढ़ करते हैं ताकझांक, छात्राएं परेशान ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नकाब लगा स्कूल की दीवार पर चढ़ करते हैं ताकझांक, छात्राएं परेशान
ब्यूरो/अमर उजाला, गुरुग्राम
Updated Thu, 25 Jan 2018 01:31 PM IST
विज्ञापन
डेमो पिक
नगर के एक निजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को आजकल मनचलों व शरारती तत्वों द्वारा की जाने वाली छींटाकशी का सामना करना पड़ रहा है। अभद्र हरकतों से स्कूल प्रबंधन व शिक्षक भी परेशान हो चुके हैं।
विज्ञापन
ऐसे शरारती तत्वों पर स्थानीय पुलिस अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल है। जिसकी वजह से शरारती तत्वों के हौसले बुलंद हैं। छात्राओं ने एसडीएम प्रशांत पंवार से स्कूल के आसपास शरारती तत्वों पर नकेल कसने व माहौल सुधारने के लिए पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग की है।
विज्ञापन
नगर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बाहरी शरारती युवकों का अक्सर जमावड़ा लगा रहता है। शरारती तत्व स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के अलावा साथ लगते निजी स्कूल की छात्राओं को अश्लील इशारे तथा छींटाकशी करते हैं।
विज्ञापन
शरारती तत्व अपने चेहरों पर नकाब लगाकर स्कूल की दीवार के साथ लगे पेड़ों के ऊपर चढ़कर ताकझांक करते हैं। जब छात्राएं व शिक्षक इसका विरोध करते हैं तो शरारती तत्व पत्थर फेंकने से भी नहीं हिचकते जिस कारण स्कूल के कमरों की खिड़कियाें में लगी जालियां व शीशे भी टूट गए हैं।
वहीं स्कूल की छुट्टी होने के समय स्कूल के मुख्य द्वार के पास मनचलों का जमावड़ा लग जाता है, जो लड़कियों पर फब्तियां कसते हैं। यदि इन पर रोक नहीं लगाई गई तो कोई भी अनहोनी घटना कभी भी हो सकती है।
बुधवार को जब निजी स्कूल में एसडीएम रिहर्सल में भाग ले रहे थे तो उसी दौरान कुछ शरारती तत्व अपने चेहरों पर नकाब लगाकर स्कूल की दीवार पर चढ़ गए। जब एसडीएम की नजर उन पर पड़ी तो वह शरारती तत्वों के हौसले देखकर चकित रह गए।
एसडीएम ने पुलिस को सूचना देकर मामले से अवगत कराया। लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक शरारती तत्व भाग निकले। एसडीएम प्रशांत पंवार का कहना है कि शरारती तत्वों को स्वयं उन्होंने स्कूल की छत पर चढ़ते देखा है। ऐसे शरारती तत्वों पर शिकंजा कसा जाएगा। स्कूल समय में यहां राइडर लगाने की पुलिस को हिदायत दी गई है।