झपटमारों ने सरेआम फाड़ा छात्रा का टॉप, फिर भी छात्रा ने दौड़ाकर बदमाश को दबोचा
टाइम पूछने के बहाने आरोपी ने झपट लिया था पीड़िता से मोबाइल, विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा का टॉप भी फाड़ा
ग्रेजुएशन छात्रा की बहादुरी से पकड़ा गया बदमाश
- टाइम पूछने के बहाने आरोपी ने झपट लिया था पीड़िता से मोबाइल, विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा का टॉप भी फाड़ा
- छात्रा ने पब्लिक के साथ पीछा कर आरोपी को दबोचा, बाद में पिटाई लगाने के बाद किया पुलिस के हवाले
- आरोपी विशाल विजय विहार का रहने वाला, पुलिस उससे कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली, 03 मई
विस्तार
प्रशांत विहार इलाके में मंगलवार शाम बदमाश ने टाइम पूछने के बहाने ग्रेजुएशन की एक छात्रा से उसका मोबाइल झपट लिया। 24 वर्षीय छात्रा बहादुरी दिखाते हुए बदमाश पर टूट पड़ी। आरोपी ने छीना-झपटी के दौरान पीड़िता का टॉप भी फाड़ दिया लेकिन इसके बाद भी छात्रा ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाश के पीछे शोर मचाते हुए भागने लगी।
भीड़ की मदद से कुछ दूर पीछा कर आरोपी को दबोच लिया। बाद में उसकी पिटाई लगाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी की पहचान विजय विहार निवासी विशाल के रूप में हुई है।
पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक सलमा (24) (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-13 में रहती है। वह पत्राचार से ग्रेजुएशन कर रही है।
एक लड़के ने सलमा से टाइम पूछा
मंगलवार शाम को वह अपने घर पैदल लौट रही थी। इस बीच केनरा अपार्टमेंट के पास एक लड़के ने सलमा से टाइम पूछा। जैसे ही टाइम देखने के लिए सलमा ने अपना मोबाइल निकाला इसी दौरान आरोपी ने उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया और भागने लगा।
कुछ दूर जाकर छात्रा आरोपी से भिड़ गई। आरोपी ने सलमा का गला पकड़कर उसका टॉप फाड़ दिया। लेकिन इसके बाद भी वह सलमा के हौसले को नहीं तोड़ पाया। आरोपी दुबारा भागने लगी। शोर मचाते हुए सलमा उसके पीछे भागी और भीड़ की मदद से उसे पकड़ लिया।
आरोपी के पास से सलमा का मोबाइल फोन बरामद हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झपटमारी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।