Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   Wanted fraudster who swindled crores in the name of flats and shops arrested

Ghaziabad News: फ्लैट और दुकान के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाला इनामी गिरफ्तार

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 15 Nov 2026 01:35 AM IST
विज्ञापन
Wanted fraudster who swindled crores in the name of flats and shops arrested

विज्ञापन
गाजियाबाद। नगर जोन की स्वॉट टीम ने फ्लैट और दुकान बुकिंग के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में 50 हजार के इनामी वांछित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नितिन शर्मा उर्फ दीपक शर्मा ने स्वीकार किया है कि उसने मैसर्स एएसआर रीयलटेक और राइट अर्थ इंफ्रा एलएलपी कंपनियों के मालिकों और साझीदारों के कहने पर निवेशकों से धोखाधड़ी की है। पुलिस ने उसके पास से करीब 38 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था और यातायात राजकरन नैय्यर ने बताया कि नंदग्राम थाना क्षेत्र में दो प्रोजेक्टों की लांचिंग की गई थी। मैसर्स एएसआर रीयलटेक लिमिटेड और मैसर्स राइट अर्थ इंफ्रा एलएलपी कंपनियों की परियोजनाओं में सैकड़ों लोगों ने दुकान और फ्लैट बुकिंग के नाम पर करीब 40 करोड़ रुपये निवेश किए थे। निवेशकों को दुकान और फ्लैट के फर्जी दस्तावेज सौंपे गए। पकड़े गए नितिन शर्मा के बैंक खातों में धनराशि जमा होने के पर्याप्त सुबूत भी मिले हैं।
विज्ञापन

पूछताछ में नितिन शर्मा ने बताया कि उसने अपने सहयोगियों संदीप कुमार गुप्ता और प्रवीण गुप्ता के साथ मिलकर यह धोखाधड़ी की। उसने फर्जी दस्तावेज बनाकर और फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल कर लोगों को दुकान व फ्लैट दिलाने का झांसा दिया। उसने यह भी स्वीकार किया कि बरामद नकदी और ज्वेलरी धोखाधड़ी के पैसों से खरीदी गई थी। इस मामले में पहले ही 12 अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। नितिन शर्मा के खिलाफ नंदग्राम थाने में बीएनएस संबंधी छह अभियोग पंजीकृत हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

बरामदगी का विवरण
पुलिस ने अभियुक्त के पास से कुल 38 लाख 19 हजार 765 रुपये की संपत्ति बरामद की है। इसमें 5 लाख 8 हजार रुपये नकद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, लगभग 19 लाख 80 हजार रुपये मूल्य की सोने की ज्वेलरी भी मिली है। चांदी का सामान, जिसकी कीमत करीब 13 लाख 31 हजार 765 रुपये है, भी बरामद किया गया।

11 पुलिसकर्मी हो चुके हैं सस्पेंड और लाइन हाजिर
बहुचर्चित घोटाले में शुरुआती स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने तत्कालीन थाना प्रभारी समेत थाना नंदग्राम के 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित और लाइन हाजिर कर दिया था। इसके बाद मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई।

कंपनी मालिकों से लेता था 20 प्रतिशत कमीशन
पूछताछ में नितिन शर्मा ने बताया कि निवेशकों से धनराशि लेकर उसने वरुण मक्कड़ की कंपनी को 10 करोड़ और संदीप गुप्ता की कंपनी को 30 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। निवेशकों को बरगलाने, बैंक खाता प्रयोग करने की एवज में दोनों कंपनियों के मालिकों से वह 20-20 प्रतिशत कमीशन लेता था। उसने कंपनी मालिकों को ट्रांसफर की गई धनराशि और नकद की जानकारी भी पुलिस को दी है।


जून से धार्मिक स्थलों की यात्रा कर रहा था इनामी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि निवेशकों द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराते ही वह दिल्ली भाग गया। उसके बाद वह उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर, वृंदावन, हिमाचल प्रदेश, ऋषिकेश, केदारनाथ सहित कई धार्मिक स्थलों पर छिपा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed