रेस्तरां में प्रेमिका को पीटा, VIDEO: हाथ में चाकू लेकर युवती को लाया बाहर, फिर बरसाए थप्पड़, वीडियो वायरल
इंदिरापुरम में प्रेमी ने रेस्तरां में युवती पर चाकू से हमला किया और थप्पड़ मारे। सहकर्मियों ने बचाया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थानाक्षेत्र स्थित एक शॉपिंग मॉल में संचालित रेस्तरां में कार्यरत युवती पर उसके प्रेमी ने चाकू से हमला करने का प्रयास किया और थप्पड़ बरसा दिए। आरोपी ने चाकू रेस्तरां की ही रसोई घर से लिया था। युवती के सहकर्मियों ने उसे बचाया। आरोपी समुदाय विशेष का युवक और मामला प्रेम-संबंधों का बताया जा रहा है। युवक-युवती के झगड़े के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 21 सेकंड का एक वीडियो जमकर वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक और युवती झगड़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं युवक के हाथ में होटल की रसोई में इस्तेमाल किया जाने वाला बड़ा चाकू साफ दिखाई दे रहा है। पहले युवक-युवती की खींचतान होती है और उसके बाद आरोपी युवती को चाकू दिखाते हुए जोरदार थप्पड़ मारता है। इसके बाद युवती का ही एक सहकर्मी आकर युवक को अलग हटाता है और युवती को सुरक्षित करता है।
वायरल वीडियो जब पुलिस के पास पहुंची तब जांच शुरू हुई। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि युवक-युवती के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। युवक दिल्ली का रहने वाला है और वह मंगलवार को युवती के कार्यस्थल पर पहुंचा था।
यहां उसने पहले रेस्तरां की रसोई से चाकू उठाया और उसके बाद युवती से मारपीट की। इस दौरान मॉल में घूमने वाले किसी व्यक्ति ने इस झगड़े का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। एसीपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवती की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।