बुजुर्ग से क्रूरताः राहुल के ट्वीट पर सीएम योगी का वार, बोले- श्रीराम की पहली सीख है 'सत्य बोलना'
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट पर पलटवार करते हुए हमला बोला है। योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम की पहली सीख है-सत्य बोलना जो आपने कभी जीवन में किया नहीं। शर्म आनी चाहिए कि पुलिस द्वारा सच्चाई बताने के बाद भी आप समाज में जहर फैलाने में लगे हैं।
विस्तार
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर मंगलवार को ट्वीट किया था। राहुल गांधी ने लिखा था कि मैं ये मानने को तैयार नहीं हूं कि श्रीराम के सच्चे भक्त ऐसा कर सकते हैं। ऐसी क्रूरता मानवता से कोसों दूर है और समाज व धर्म दोनों के लिए शर्मनाक है।
राहुल गांधी के इस ट्वीट पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर पलटवार किया है। उन्होंने लिखा कि प्रभु श्रीराम की पहली सीख है-सत्य बोलना जो आपने कभी जीवन में किया नहीं। शर्म आनी चाहिए कि पुलिस द्वारा सच्चाई बताने के बाद भी आप समाज में जहर फैलाने में लगे हैं।
सीएम योगी ने आगे लिखा कि सत्ता के लालच में मानवता को शर्मसार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता को अपमानित करना, उन्हें बदनाम करना छोड़ दें।
प्रभु श्री राम की पहली सीख है-"सत्य बोलना" जो आपने कभी जीवन में किया नहीं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 15, 2021
शर्म आनी चाहिए कि पुलिस द्वारा सच्चाई बताने के बाद भी आप समाज में जहर फैलाने में लगे हैं।
सत्ता के लालच में मानवता को शर्मसार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता को अपमानित करना, उन्हें बदनाम करना छोड़ दें। pic.twitter.com/FOn0SJLVqP
सोशल मीडिया पर बुजुर्ग के साथ मारपीट व अभद्रता के वायरल वीडियो के संबंध में जांच करने पर सामने आया है कि पीड़ित अब्दुल समद ताबीज बनाने का काम करता है। आरोपियों का कहना है कि उसके दिए ताबीज से उनके परिवार पर उल्टा असर हुआ। इस वजह से उन्होंने ये कृत्य किया है।
अब्दुल समद और प्रवेश, आदिल ,कल्लू आदि लड़के एक दूसरे से पूर्व से ही परिचित थे क्योंकि अब्दुल समद द्वारा गांव में कई लोगों को ताबीज दिए गए थे। इस मामले में मुख्य अभियुक्त परवेश गुज्जर की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है। 14 जून को अन्य दो अभियुक्तों कल्लू व आदिल की गिरफ्तारी की गई।
बता दें कि गत पांच जून को हुई घटना में पुलिस ने दो दिन बाद सिर्फ मारपीट का केस दर्ज किया था, लेकिन नौ दिन बाद घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आ गई। अधिकारियों का कहना है कि दो आरोपी ट्रेस कर लिए गए हैं। मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
बुजुर्ग का कहना था कि रास्ते में चालक के तीन और साथी ऑटो में बैठ गए। वह उन्हें बेहटा हाजीपुर ले जाने की बजाय सुनसान इलाके में ले गए और एक कमरे में बंधक बना दिया। वहां चारों लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनको जमकर पीटा और गालीगलौज भी की।
आरोपी बोले थे-जान प्यारी है या दाढ़ी
पीड़ित अब्दुल समद के मुताबिक, आरोपियों के पास कैंची भी थी। एक युवक ने दाढ़ी काटने के लिए कैंची लाने के लिए कहा तो उन्होंने आरोपियों के हाथ जोड़कर दाढ़ी न काटने की गुहार लगाई। इसपर आरोपियों ने कहा कि उन्हें जान प्यारी है या दाढ़ी। इस पर वह बेबस हो गए और युवकों ने कैंची से दाढ़ी काटनी शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ फिर से मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस चेकिंग की बात कहकर गलत दिशा में दौड़ाया था ऑटो
पीड़ित का कहना है कि रास्ते में तीन साथियों को बैठाने के बाद चालक ऑटो को रांग साइड में दौड़ाने लगा। कारण पूछने पर चालक ने कहा कि आगे पुलिस चेकिंग कर रही है, उसी से बचने को थोड़ी दूर रांग साइड चलना है। पीड़ित के मुताबिक इसके बद आरोपियों ने जबरदस्ती कपड़े से उनकी आंखें ढक दीं और मारपीट करते हुए सुनसान जगह ले गए।