दर्दनाक: खुले नाले में गिरा तीन साल का मासूम, मौत, लोगों ने सड़क पर एकत्र होकर जाम लगाने का किया प्रयास
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए परिजनों को शांत कराया। सीओ अनीता चौहान का कहना है कि लोगों को समझाकर शांत किया गया है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
हापुड़ शहर के मोहल्ला रमपुरा में खुले नाले में गिरकर तीन वर्ष के मासूम काशू की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रमपुरा निवासी काशू पुत्र अनुज शनिवार की दोपहर घर के बाहर खेलने के लिए निकला था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी तलाश शुरू की। आसपास के घरों में पूछताछ करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका।
मोहल्ले के लोगों को शाम के समय मासूम का शव नाले में तैरता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। गुस्साए परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सडक़ पर जाम लगाने का प्रयास किया। लोगों का कहना था कि नगर में अधिकतर नाले खुले पड़े हैं, जिसके कारण इस प्रकार का हादसा हुआ है। भारी भरकम बजट के बावजूद नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। नगर पालिका नालों को पटवाती तो इस प्रकार की दुर्घटना न होती। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए परिजनों को शांत कराया। सीओ अनीता चौहान का कहना है कि लोगों को समझाकर शांत किया गया है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मां का रो रोकर बुरा हाल
मासूम की नाले में गिर कर मौत हो जाने की सूचना पर पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। बच्चे की मां का रो रो कर बुरा हाल था।
घटना के बाद बोले नगर पालिका के अधिकारी
नाले का पुननिर्माण कराने के लिए बहुत समय पहले प्रस्ताव भेजा गया था। इस प्रकार के हादसे को रोकने के लिए नाले को ढक दिया जाएगा। -इंद्रपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका पिलखुवा
गढ़ में गिरे मासूम का आज तक नहीं मिला सुराग
गढ़मुक्तेश्वर में 31 जुलाई 2024 को बारिश के दौरान नई बस्ती में तीन साल के मासूम शिवा की भी खुले नाले में गिरकर मौत हो गई थी। वह भी घर के बाहर खेलने के लिए निकला था। लेकिन विडंबना रही कि आज तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों को बच्चे का शव तक नसीब नहीं हुआ। आज भी परिजन अपने बच्चे को याद करते हुए सिसक रहे हैं। यहां भी नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा एक परिवार को भुगतना पड़ा था।