Rapid Rail : कल दुहाई डिपो पहुंचेगी पहली रैपिड रेल, छह कोच गुजरात से आ चुके हैं हरियाणा
ट्रेन सेट को बड़े ट्रेलरों पर गुजरात से सड़क मार्ग से लाया जा रहा है। मार्ग के निरीक्षण, यातायात पुलिस के समन्वय से लाने से रफ्तार बेहद धीमी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर पर दौड़ने वाली पहली रैपिड रेल रविवार को गाजियाबाद के दुहाई डिपो में पहुंचेगी। गुजरात के सावली स्थित एलस्टोम प्लांट से चली पहली रैपिड रेल की अब दुहाई डिपो से केवल 150 किमी की दूरी रह गई है। पहली रैपिड रेल में छह कोच के ट्रेन सेट हरियाणा की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं। रैपिड रेल के कोच को गुजरात से बड़े ट्रेलरों पर सड़क मार्ग से लाया जा रहा है। कोच की सुरक्षा के मद्देनजर उसे पहले मार्ग के निरीक्षण और विभिन्न जगहों की यातायात पुलिस के समन्वय से लाया जा रहा है।
रैपिड रेल कोच के साथ एनसीआरटीसी के तकनीकी अधिकारियों की टीम मौजूद है। रैपिड रेल के आने से पहले प्राथमिकता खंड में स्थित दुहाई डिपो में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डिपो में ट्रैक बनकर तैयार हो गए हैं। ट्रेन के आने के बाद उसके टेस्टिंग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ट्रेनों के संचालन के लिए डिपो में ट्रैक के बराबर प्रशासनिक भवन बनाया गया है।
दुहाई डिपो में 11 स्टेबलिंग लाइन, दो वर्कशॉप लाइन, तीन इंटरनल-बे लाइन (आईबीएल), और एक हेवी इंटरनल क्लीनिंग लाइन का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। वहीं एक वर्कशॉप और एक इंटरनल-बे लाइन का काम अंतिम चरण में है। इसके अलावा बाकी लाइनों का काम पूरा किया जा चुका है। मुख्य रूप से आईबीएल लाइन को रैपिड रेल की टेस्टिंग के लिए बनाया गया है।
दुहाई डिपो में रैपिड रेल कोच की टेस्टिंग का कार्य पूरा होने के बाद जुलाई के आखिर में ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी है। साहिबाबाद से दुहाई तक 17 किमी लंबे प्राथमिकता खंड में रैपिड रेल मार्च 2023 में दौड़ेगी। एनसीआरटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स का कहना है कि रैपिड रेल के विशाल कोच को बड़े ट्रेलरों पर बेहद सावधानी से लाया जा रहा है। मार्ग से गुजरने से पहले उस रास्ते में आने वाली सभी रुकावटों को दूर करने और यातायात पुलिस से समन्वय स्थापित कर कोच धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं।