Ghaziabad: बिल्डर के खिलाफ धरनारत किसानों का टूटा सब्र, मुंडन कराकर जताया विरोध, उग्र आंदोलन की चेतावनी दी
किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक उनका आंदोलन और तेज होता जाएगा और सड़कों पर मुंडन कराते हुए प्रदर्शन किया जाएगा।
विस्तार
गाजियाबाद के डासना के वेव सिटी क्षेत्र में बिल्डर के खिलाफ डेढ़ माह से धरनारत किसानों का सब्र सोमवार को टूट गया, जब बार-बार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन और वेव सिटी प्रबंधन ने कोई समाधान नहीं किया। किसानों ने अब विरोध का अनोखा तरीका अपनाया है।
किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में वेव सिटी कार्यालय के सामने बिल्डर से प्रभावित दर्जनों किसानों ने सामूहिक रूप से अपने सिर मुंडवाकर सरकार और वेव सिटी प्रबंधन के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया। इस अवसर पर किसानों ने वेव सिटी बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि सरकार को किसानों की पीड़ा नहीं दिखाई दे रही है। इंसाफ के नाम पर सिर्फ तारीखें दी जा रही हैं, जबकि जमीनी स्तर पर समाधान शून्य है।
किसानों ने हिंदू धर्म की उस परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जब कोई मर जाता है तो उसके बाद सिर मुंडन कराया जाता है और पिंडदान किया जाता है। हमारे लिए सरकार और प्रशासन मर चुके हैं, इसलिए अब हर आने वाला किसान भी धरना स्थल पर मुंडन कराकर बैठेगा और कहा कि 10 मई को पिंडदान किया जाएगा।
किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक उनका आंदोलन और तेज होता जाएगा और सड़कों पर मुंडन कराते हुए प्रदर्शन किया जाएगा। धरना स्थल पर किसानों का आक्रोश और सामूहिक मुंडन कार्यक्रम प्रशासन और सरकार के लिए एक बड़ा संदेश बन गया है कि अगर अब भी किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है। किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गाजियाबाद पुलिस और जिलाधिकारी को भी ट्वीट कर अपनी पीड़ा से अवगत कराया है। इस अवसर पर कई ग्रामीण मौजूद रहे।