गाजियाबाद: शिवपाल सिंह बोले-सपा को बढ़ाने में 75 नेताजी का तो 25 फीसदी योगदान मेरा
गाजियाबाद जिले में रविवार की सुबह प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के मुखिया शिवपाल सिंह ने कहा सपा के विकास में अगर 75 फीसदी योगदान नेताजी का तो 25 फीसदी मेरा भी है। अखिलेश यादव मेरा 25 फीसदी मुझे वापस करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि सपा को बढ़ाने में 25 फीसदी योगदान उनका भी रहा है। सपा से गठबंधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश बड़े आदमी हैं, मैंने नेताजी के साथ 40 से 45 साल काम किया है। हमारे 25 फीसदी योगदान के अनुसार हमें एडजस्ट किया जाए।
प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा के साथ पर पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव निर्णय करें। नेताजी जो फैसला करें उसे अखिलेश यादव मानें। पिछले दिनों ओवैसी से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि यह एक औपचारिक मुलाकात थी। चुनाव आने पर दलों से मिलना, बैठक चलती रहेंगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रसपा अन्य दलों को अपने साथ लेगी और एक बड़ी राष्ट्रीय पार्टी के साथ गठबंधन करेगी। भाजपा से गठबंधन पर शिवपाल यादव ने दो टूक इनकार करते हुए कहा कि जिस दल को सत्ता से हटाने के लिए परिवर्तन यात्रा निकाली है, उसके साथ गठबंधन का सवाल ही नहीं उठता।
10 गुना बढ़ा भ्रष्टाचार, बिना रिश्वत के काम नहीं
परिवर्तन यात्रा के बाद रविवार को प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 गुना भ्रष्टाचार बढ़ा है। थानों, सरकारी कार्यालयों में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा है। देश का किसान सड़कों पर बैठा है जबकि लखीमपुर खीरी में गृह राज्य मंत्री धमकी देता है और बेटा किसानों को गाड़ी से उड़ा देता है। उन्होंने कहा कि गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने के बाद केस दर्ज होना चाहिए था। कोरोना जैसी विकट स्थिति में देश-प्रदेश को महंगाई में झोंकने का काम सरकारों ने किया। प्रदेश में साल में चार बार बिजली के दाम बढ़े हैं।
सरकार ने तमाम वादे किए, पूरा एक भी नहीं हुआ
तमाम वायदे सरकार ने जनता से किए लेकिन एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ। ना तो रोजगार मिला और ना ही लोगों के खातों में 15-15 लाख रुपये आए। कालाधन वापस लाने का वायदा भी झूठ निकला। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ऐसी झूठी सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं है। निजीकरण की आड़ में पूंजीपतियों के हाथों में अर्थव्यव्स्था देने का काम किया गया। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष नूर हसन चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता नाहर सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, सुंदरलाल लोधी, वीरपाल यादव, रिचपाल चौधरी, अभिषेक सिंह आशू, लोकेश भाटी, हाजी इकराम सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।