{"_id":"6af8bf689f48d623ba025fdd","slug":"road-accident-figures-have-risen-over-the-past-five-years-in-2025-400-people-died-in-1097-accidents-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-1021930-2026-11-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad News: पांच साल में सड़क हादसों का ग्राफ चढ़ा, 2025 में 1097 दुर्घटनाओं में 400 लोगों की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad News: पांच साल में सड़क हादसों का ग्राफ चढ़ा, 2025 में 1097 दुर्घटनाओं में 400 लोगों की मौत
विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। सड़कों पर लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। जिले में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस के मौके पर कमिश्नरेट पुलिस के पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो हर साल हादसों और उनमें घायल होने वालों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में 886 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 1097 पहुंच गया। इन हादसों में 400 लोगों की जान चली गई। वहीं, वर्ष 2026 में अक्तूबर तक ही 998 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 366 लोगों की मौत और 800 लोग घायल हुए हैं।
सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों की अनदेखी हादसों की बड़ी वजह बन रही है। दोपहिया वाहनों पर तीन लोगों का सवार होना, गलत दिशा में वाहन दौड़ाना, तेज रफ्तार और प्रतिबंधित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर दोपहिया वाहन चलाना जानलेवा साबित हो रहा है। कई वाहन चालक यातायात नियमों को ताक पर रखकर चलते हैं। हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपायों की अनदेखी भी दुर्घटना के दौरान जान जाने का खतरा बढ़ाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि मामूली सावधानी बरतकर अधिकतर हादसों को टाला जा सकता है, लेकिन जल्दबाजी और लापरवाही भारी पड़ रही है।
विज्ञापन
10 थाने क्रिटिकल चिह्नित, 12 चौराहों पर मार्शल तैनात
एडीसीपी यातायात वरुण कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने 10 थानों को क्रिटिकल थाना चिह्नित किया है। इनमें कविनगर, बापूधाम, नंदग्राम, वेव सिटी, इंदिरापुरम, लिंक रोड, मसूरी, मुरादनगर, भोजपुर और मोदीनगर शामिल हैं। इन थानों में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 12 प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक मार्शल तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट के 41 चौराहों और तिराहों को आईटीएमएस से जोड़ा गया है। यहां पीए सिस्टम के जरिये वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। डीएमई पर पैदल यात्रियों के सड़क पार करने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए एनएचएआई के सहयोग से लोहे की रेलिंग भी लगवाई गई है। पुलिस का दावा है कि इन प्रयासों से संवेदनशील स्थानों पर हादसों में कमी आएगी, लेकिन इसके लिए लोगों का सहयोग भी जरूरी है।
पांच साल में दुर्घटनाओं और मौतों का आंकड़ा
वर्ष दुर्घटनाएं मौतें घायल
2022 886 363 638
2023 991 365 704
2024 996 381 781
2025 1097 400 879
2026 (अक्तूबर तक) 998 366 800
आंकड़े बताते हैं कि हादसों के साथ मौत और घायलों की संख्या भी बढ़ी है। पुलिस लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने तथा रॉन्ग साइड और ट्रिपल राइडिंग से बचने की अपील कर रही है।
