UP: गाजियाबाद में बिजली की ट्रिपिंग ने निकाले आंसू, दिनभर चला आवाजाही का दौर, लोगों ने किया प्रदर्शन
शहर में बिजली की लगातार ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। बार-बार बिजली गुल होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। अधिकारी फाल्ट को कारण बताकर जल्द आपूर्ति बहाल करने का दावा कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर में बिजली ट्रिपिंग थमने का नाम नहीं ले रही है। आलम यह है कि हर आधे से एक घंटे में पांच से सात मिनट के लिए बिजली गुल हो जा रही है। इस वजह से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, लेकिन उसके बाद भी कटौती जारी है।
सोमवार को शहर के कैलाभट्ठा, पटेल नगर, नंदग्राम, घुकना, सिद्धार्थविहार, बम्हेटा, प्रतापविहार समेत अन्य कई इलाकों में दिनभर बिजली की आवाजाही का दौर जारी रहा। नंदग्राम में 11 केवी की लाइन में खराबी आने के चलते करीब दो घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही, जबकि इलाके में हो रही लगातार कटौती से नाराज लोगों ने कुछ दिन पहले उपकेंद्र पर पहुंचकर खूब हंगामा भी किया था।
इसके बाद भी कटौती कम नहीं हो रही है। नंदग्राम निवासी अमित चौहान ने बताया कि रोजाना कई बार में दो से तीन घंटे की कटौती की जाती है। सुबह के समय बिजली की ट्रिपिंग की वजह से पेयजल के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ता है। बार-बार बिजली की आवाजाही के चलते कई बार बिजली के चलने वाले उपकरणों में भी खराबी आ जाती है।
इस वजह से इलाके के लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है। इस संदर्भ में जोन एक के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि फाल्ट होने पर ही संबंधित क्षेत्र की आपूर्ति बाधित होती है, फाल्ट की सूचना मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त करा आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उपभोक्ताओं की समस्या के लिए खोले गए कंट्रोल रूम में शिकायत मिलने पर तत्काल समाधान करवाने का प्रयास किया जा रहा है।