Cricketer Yash Dayal: RCB के खिलाड़ी यश दयाल के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज, 21 जून को हुई थी शिकायत
युवती ने शिकायत में कहा है कि वह पांच वर्ष से क्रिकेटर के साथ रिश्ते में थी। क्रिकेटर ने उन्हें शादी का झांसा देकर अपने परिवार के सामने बहू के तौर पर पेश किया। इसके बाद उनका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया।
विस्तार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाड़ी यश दयाल के खिलाफ सात जुलाई की देर रात पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। क्रिकेटर पर इंदिरापुरम क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पांच वर्ष तक संबंध में रहकर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मामला 21 जून को तब सामने आया जब युवती ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर मामले की शिकायत की थी। डीसीपी निमिष पाटील ने बताया कि मामले में पुलिस अब कानूनी तरीके से आगे की कार्रवाई करेगी।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने वाले क्रिकेटर यश दयाल पर लगे यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 21 जून को इंदिरापुरम क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करते हुए क्रिकेटर पर आरोप लगाए थे कि पांच वर्ष तक शादी का झांसा देकर उनका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया गया। इसके अलावा यह भी आरोप था कि क्रिकेटर के दो-तीन अन्य युवतियों से भी संबंध थे। मामले में मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई शिकायत के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तब पीड़िता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का सहारा लिया। इसके बाद 24 जून को इंदिरापुरम पुलिस ने शिकायत का संज्ञान लिया।
27 जून को पीड़िता ने पुलिस के पास पहुंचकर अपने बयान दर्ज करवाए और अपने पक्ष को साबित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य (मोबाइल कॉल, सोशल मीडिया चैट्स के स्क्रीन शॉट, वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट्स, रिकॉर्डिंग व अन्य) भी पुलिस को सौंपे। 28 जून को पुलिस ने क्रिकेटर को तीन दिन में अपने बयान दर्ज करवाने के लिए नोटिस भेजा था, लेकिन क्रिकेटर की तरफ से बयान दर्ज नहीं करवाए गए। इसके बाद पुलिस ने अपनी तरफ से सख्त कार्रवाई करते हुए पीड़िता की तहरीर पर क्रिकेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे में पीड़िता ने यह भी कहा है कि इस मामले के चलते वह इतना मानसिक अवसाद में आ गई थीं कि उन्हें अपना इलाज भी कराना पड़ा। यहां तक कि कई बार उन्होंने आत्महत्या के बारे में भी सोचा, लेकिन न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए उन्होंने हिम्मत रखी और कार्रवाई का इंतजार किया।
यह भी पढ़ें- UP: 'पहले मेडिकल से लाओ सिरिंज, फिर लगेगी ARV', कुत्ते काटने पर वैक्सीन लगवाने जा रहे लोगों को मिल रहा यह जवाब
यश ने ढाई साल में कई लड़कियों से संबंध बनाए
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया है कि वह यश दयाल को नवंबर-दिसंबर वर्ष 2020 से जानती हैं। सोशल मीडिया पर पहले कनेक्ट हुई थीं। प्रयागराज में ही उनकी पहली मुलाकात हुई थी। उनकी दोस्ती पिछले करीब चार साल से है। वह क्रिकेटर के घर पर कई बार रह चुकी हैं। शादी का आश्वासन देकर यश दयाल और उनका परिवार उम्मीद बांधता रहा। 2022 में यश दयाल गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा थे। टीम चैंपियन बनी थी। मैं भी उनके परिवार के साथ में फाइनल मैच के दौरान मौजूद थीं। सबकुछ सही ढंग से आगे बढ़ रहा था, लेकिन पिछले ढाई साल में यश दयाल ने कई लड़कियों से संबंध बनाए। जिसके बाद उनके परिवार और दोस्तों ने उनको लेकर कई तरह की बात कही है।
मैंने भगवान भरोसे छोड़ा अपना न्याय
पीड़िता ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि जब उनके जीवन में यह समस्या सामने आई तब उन्होंने सब कुछ ईश्वर के हवाले छोड़ दिया। यहां तक कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी यह लिखकर डाला कि उन्हें कार्रवाई में हो रही देरी पर पूरा भरोसा है कि जितना भी समय लग रहा है उन्हें न्याय मिलेगा। साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी व महिला आयोग पर भी भरोसा जताया था।
अपराध साबित होने पर यह है सजा
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 शादी या नौकरी के झूठे वादे के आधार पर यौन संबंध बनाने को अपराध मानती है। इस अपराध के कोर्ट में साबित होने पर आरोपी को 10 वर्ष तक की कैद और जुर्माना हो सकता है। यह धारा महिलाओं को शोषण से बचाने के लिए बनाई गई है, खासकर उन मामलों में जहां यौन संबंध शादी के झूठे वादे के माध्यम से प्राप्त किए जाते हैं।
गिरफ्तारी की लटकी तलवार
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अब पीड़िता के धारा 164 के तहत न्यायालय में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाएगी। इन बयानों में अगर युवती अपनी शिकायत के आधार पर ही क्रिकेटर के खिलाफ बयान देती है तब पुलिस को गिरफ्तारी करनी होगी। हालांकि इस दौरान क्रिकेटर को अपना पक्ष रखने और अपनी तरफदारी में साक्ष्य देने का पूरा मौका होगा। अब देखना यह है कि क्रिकेटर यश दयाल की तरफ से क्या प्रक्रिया अपनाई जाती है।