सुनवाई न होने पर हारी युवती: चोरी के मामले में कार्रवाई न होने पर युवती ने चौकी में पिया जहर, जानें पूरा मामला
दो माह पहले मकान में चोरी हुई थी। सोमवार को एक बार फिर शिकायत करने मां बेटी साइलो प्रथम चौकी पहुंची थी। दरोगा पर अनदेखी का आरोप लगाया है।
विस्तार
हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने चोरी के एक मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए साइलो प्रथम चौकी में मच्छर मारने की रिफिल की दवा पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने आनन-फानन युवती को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। युवती की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि कुछ माह पहले वह अपने बच्चों के साथ दिल्ली अपनी रिश्तेदारी में जन्मदिन में गई थी। वापस लौटने पर देखा तो उसके मकान में कुछ लोगों ने चोरी कर ली थी। चोर उसके घर से सभी घरेलू सामान चोरी कर ले गए थे। उसने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी।
बताया जा रहा है कि पुलिस जांच के दौरान मामला झूठा निकलने पर आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर महिला व उसकी पुत्री लगातार कोतवाली व चौकी के चक्कर काट रही हैं। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को भी महिला व उसकी पुत्री साइलो प्रथम चौकी पर पहुंची और मामले में कार्रवाई की मांग की।
पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने की बात से आहत होकर महिला की पुत्री ने यहां रखा मच्छर मारने की मशीन की रिफिल का लिक्विड पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इसके बाद युवती की मां व पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन युवती को पास ही स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। युवती की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि युवती की मां पिछले एक साल से अपने भाई के खिलाफ चोरी की तहरीर लेकर घूम रही है। जांच के दौरान मामला झूठा पाए जाने पर पुलिस ने उसके भाई के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। अब दोबारा मामले की जांच कराकर जो भी तथ्य सामने आते हैं, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।