{"_id":"6924959e4061f39d4d0e7ba0","slug":"moninder-singh-pandher-filed-an-application-to-have-his-d5-house-unsealed-2025-11-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"निठारी कांड: डी-5 कोठी की सील खुलवाने के लिए कोर्ट में लगाई अर्जी, बरी होने के बाद पंधेर ने मांगा कब्जा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
निठारी कांड: डी-5 कोठी की सील खुलवाने के लिए कोर्ट में लगाई अर्जी, बरी होने के बाद पंधेर ने मांगा कब्जा
Mon, 24 Nov 2025 11:07 PM IST
आकाश दुबे
माई सिटी रिपोर्टर, गाजियाबाद
माई सिटी रिपोर्टर, गाजियाबाद
Published by: आकाश दुबे
Updated Mon, 24 Nov 2025 11:07 PM IST
सार
जांच एजेंसी ने निठारी कांड की पड़ताल के दौरान इस कोठी को वर्ष 2006 में सील किया था। अदालत ने इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
विज्ञापन
मोनिंदर सिंह पंधेर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
निठारी कांड में आरोपों से बरी हो चुके मोनिंदर सिंह पंधेर ने सोमवार को सीबीआई अदालत में अपनी डी-5 कोठी की सील खुलवाने के लिए अर्जी दाखिल की। अदालत ने इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। जांच एजेंसी ने निठारी कांड की पड़ताल के दौरान इस कोठी को वर्ष 2006 में सील किया था।
विज्ञापन
करीब 20 वर्ष पूर्व नोएडा के निठारी गांव में बच्चों और युवतियों के एक के बाद एक गायब होने का सिलसिला सामने आया था, जिसने पूरे देश को हिला दिया था। शिकायतों के बावजूद शुरुआती दौर में पुलिस पर लापरवाही और अनदेखी के आरोप लगे। बाद में जांच आगे बढ़ी तो पंधेर के घर के पीछे के नाले से 19 कंकाल बरामद हुए। इसके बाद मोनिंदर सिंह पंधेर और उसके घरेलू सहायक सुरेंद्र कोली को गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
मामला सीबीआई तक पहुंचा तो जांच एजेंसी को नाले से मानव हड्डियों के हिस्से और करीब 40 पैकेट मिले, जिनमें मानव अंग भरे हुए थे। साक्ष्यों के आधार पर सीबीआई ने डी-5 कोठी को सील कर दिया था। 2009 में सीबीआई अदालत ने एक मामले में दोनों आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई। इसके बाद कई मामलों में भी उन्हें फांसी और उम्रकैद की सजा दी गई।
विज्ञापन
वर्षों तक चले न्यायिक संघर्ष के बाद यह मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां सर्वोच्च अदालत ने दोनों अभियुक्तों को निर्दोष करार दिया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मोनिंदर पंधेर ने अब अपनी कोठी की सील खुलवाने की पहल की है। सोमवार को वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ सीबीआई कोर्ट पहुंचे और कोठी को रिलीज करने की औपचारिक अर्जी दाखिल की। अब कोर्ट ने इस बाबत सीबीआई से रिपोर्ट मांगी है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
