किसी की न हो ऐसी बीवी: दो प्रेमियों संग मिल पति को मरवा डाला, 2022 की उस घटना के बाद से पत्नी के मन में था रोष
पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी आरोपी कीर्ति मूल रूप से झारखंड की निवासी है। करीब सात-आठ वर्ष पूर्व हरेंद्र उसे झारखंड से ही शादी कर गांव लाया था।
विस्तार
बुलंदशहर के अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यौरामपुर में शनिवार रात को हुई हरेंद्र की हत्या उसी की पत्नी कीर्ति ने अपने दो प्रेमियों के साथ साजिश रचकर कराई थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके पूर्व प्रेमी सुधीर और वर्तमान प्रेमी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले हरेंद्र को शराब पिलाई और फिर खेत पर ले जाकर साजिश के तहत सिर पर लोहे की रॉड से कई प्रहार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की सरिया भी बरामद कर ली है।
मूल रूप से अनूपशहर के गांव श्यौरामपुर निवासी 32 वर्षीय हरेंद्र अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अनूपशहर स्थित एक मकान में किराए पर रहते थे। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। गत शनिवार को वह अपने गांव श्यौरामपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। लेकिन, रात को वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव गांव लोधई मार्ग पर सड़क किनारे खेत में मिला। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। जिसके बाद पुलिस ने गहनता से जांच की तो मामले में मृतक की पत्नी कीर्ति का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या का पूरा राज उगल दिया।
2022 को कीर्ति को सुधीर के साथ परिजनों ने पकड़ लिया था
उसने बताया कि उसके गांव श्यौरामपुर निवासी सुधीर उर्फ कलुआ के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन, वर्ष 2022 में उसे व सुधीर को परिजनों ने पकड़ लिया था। जिसके बाद मामले में आरोपी सुधीर के खिलाफ अनूपशहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लेकिन, बाद में कीर्ति ने बयान दिया कि पैसों के लेन-देन का विवाद था। इसी के चलते पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। लेकिन, कीर्ति के पति हरेंद्र ने इस मामले को कोर्ट में अप्रोच किया। जिस पर कोर्ट ने इसका संज्ञान लिया और वर्तमान में यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बाद से ही आरोपी सुधीर भी हरेंद्र से रंजिश मानता था। वह भी हरेंद्र से बदला लेना चाहता था।
2023 में संदीप से हो गया प्रेम प्रसंग
वर्ष 2023 में आरोपी कीर्ति का गांव श्यौरामपुर निवासी संदीप के साथ प्रेम प्रसंग हो गया था। उसी दौरान हरेंद्र अपनी पत्नी को लेकर अनूपशहर आकर रहने लगा था। अधिकतर समय हरेंद्र नौकरी पर घर से बाहर ही रहता था, और इसी का फायदा उठाकर संदीप आए दिन अनूपशहर उसके घर पहुंच जाया करता था। करीब 15 दिन से हरेंद्र नौकरी पर नहीं गया था। इस बीच संदीप का उसके घर आना उसे नागवार गुजरता था। पत्नी से भी उसने विरोध जताया और कई बार अपनी पत्नी की शराब के नशे में पिटाई भी की थी। इसी बात से आजिज होकर कीर्ति ने पति की हत्या की साजिश संदीप और सुधीर के साथ मिलकर बनाई।
साजिश के तहत शनिवार को गांव में एक शादी समारोह के चलते संदीप ने हरेंद्र को गांव में ही फोन कर पार्टी करने के लिए बुलाया। हरेंद्र अपने मकान मालिक की बाइक लेकर सुनाई पैठ स्थित शराब के ठेके से देशी शराब का एक पव्वा लेकर पहुंच गया। गांव में पहले से ही आरोपी संदीप ने अंग्रेजी शराब की व्यवस्था की हुई थी। पहले दोनों ने मिलकर शराब पी। इसके बाद संदीप हरेंद्र को उसी की बाइक से गांव लोधई मार्ग पर ले गया। जहां रास्ते में पहले से ही आरोपी सुधीर भी लोहे का सरिया लेकर खड़ा हुआ था।
बाइक रुकते ही हत्यारोपियों ने हरेंद्र को दबोच लिया
बाइक रुकते ही सुधीर ने हरेंद्र को दबोच लिया और संदीप ने सरिये से हरेंद्र के सिर पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए हरेंद्र की पेंट में अंग्रेजी शराब की बोतल ठूंस कर चले गए। पुलिस ने अब तीनों अभियुक्तों का गिरफ्तार कर वारदात का राजफाश कर दिया है। तीनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ट्रक चालक हरेंद्र ने झारखंड निवासी युवती से की थी शादी
पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी आरोपी कीर्ति मूल रूप से झारखंड की निवासी है। करीब सात-आठ वर्ष पूर्व हरेंद्र उसे झारखंड से ही शादी कर गांव लाया था। ग्रामीणों का भी कहना है कि कीर्ति का चाल चलन पहले से ही ठीक नहीं था।
मामले में मृतक की पत्नी और उसके दोनों प्रेमियों को गिरफ्तार कर राजफाश कर दिया गया है। पत्नी ने ही पूर्व प्रेमी और वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची और शनिवार को घटना को अंजाम दिया गया। तीनों का चालान कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही उनके पास से हत्या में प्रयुक्त सरिया भी बरामद कर लिया गया है। - रोहित मिश्र, एसपी देहात