गाजियाबाद: पुलिस से मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर को लगी गोली, दो बदमाश गिरफ्तार, लूट की कार बरामद
सूचना मिलने के बाद एसपी ग्रामीण और मुरादनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। इसी के तहत उनकी बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई।
विस्तार
मुरादनगर क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गोली लग गई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है।
थाना पुलिस ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली भिक्कनपुर रोड पर हिस्ट्रीशीटर बदमाश गुजरने वाला है। इसके बाद थाना मुरादनगर और पुलिस अधीक्षक (एसपी)-ग्रामीण की टीम ने मौके पर जाकर घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद उन्हें एक कार आती दिखी। रोकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद उन्होंने भी जवाबी कार्रवाई के तहत गोलीबारी की। मुठभेड़ के बाद बागपत के बागू निवासी मोहित पुत्र रोशनलाल तथा मेरठ के घिसोली गांव निवासी मोनू पुत्र श्याम सिंह को गिरफ्तार किया गया। मोनू के पैर में पुलिस की गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा, कारतूस और ओला कैब ड्राइवर से लूटी गई सेलेरियो कार बरामद हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त मोनू ने बताया कि होली के आसपास उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना मुरादनगर क्षेत्र में एक ओला कार बुक की थी। कुछ दूर चलकर ड्राइवर को बंधक बनाकर उसकी कार लूट ली थी। दोनों बदमाशों पर गाजियाबाद तथा बागपत के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।