फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   ghaziabad

Ghaziabad News: 90 फीसदी सोसायटी का मल्टीपल कनेक्शन लेने से इन्कार

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Mon, 16 Jan 2023 06:30 AM IST
विज्ञापन
ghaziabad
राजनगर एक्सटेंशन की गुलमोहर सोसायटी के गेट पर बिजली विभाग के अधिकारियों को निवासियों ने रोका। - फोटो : GHAZIABAD City
90 फीसदी सोसायटी का मल्टीपल कनेक्शन लेने से इन्कार
विज्ञापन

गाजियाबाद/साहिबाबाद। शहर की 87 सोसायटी में से 90 फीसदी ने बिजली के मल्टीपल प्वाइंट कनेक्शन (बहु बिंदु संयोजन) लेने से साफ इन्कार कर दिया। ऊर्जा निगम और प्रशासन के अधिकारियों ने रविवार को सोसायटियों में शिविर लगाए थे। कई जगह तो अफसरों की टीमों का खुलकर विरोध किया गया। राजनगर एक्सटेशन की 36 सोसायटी में से एक भी राजी नहीं हुई। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में कुछ जगह लोगों ने सोच-विचार के लिए दो दिन का समय मांगा।
शहर की 125 सोसायटी में रेजिटेंड वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) पहले ही लिखकर दे चुकी हैं कि उन्हें मल्टीपल प्वाइंट कनेक्शन नहीं चाहिए। इस पर ऊर्जा निगम और प्रशासन के अधिकारियों की टीमें 87 सोसायटी में यह जानने के लिए पहुंची थी कि लोग वास्तव में विरोध कर रहे हैं या फिर कहानी कुछ और है। अफसरों को उम्मीद थी कि कई जगह 51 फीसदी से ज्यादा लोग राजी हो सकते हैं। कनेक्शन देने के लिए इतनी संख्या में सहमति अनिवार्य है लेकिन लोगों के रवैये से अफसरों को मायूसी हुई। कई जगह सोसायटी के गेट पर बिना पूर्व सूचना के नोटिस लगाने का लोगों ने विरोध किया है। लोगों ने आरोप लगाया कि मल्टीपल कनेक्शन के लिए अफसर दबाव बना रहे हैं।
विज्ञापन

यहां खुलकर किया विरोध
मल्टीपल प्वाइंट कनेक्शन का विरोध करने वाली सोसायटी में अजनारा इंटीग्रिटी, गुलमोहर गार्डन, केडीपी ग्रैंड सवाना, एसजी ग्रैंड, एसीसी बिल्डर्स, फॉरच्यून रेजिडेंसी, एससीसी सफायर, देविका स्काईपर, यूनिनव हाईट्स, वीवीआईपी, आशियाना होम्स, माइलस्टोन रेजिडेंसी, गौर होम्स गोविंदपुरम, ऑक्सी होम्स भोपुरा रोड, सूर्या हाईट्स, रामप्रस्था वैशाली, एपेक्स हाईट्स वैशाली, ब्रह्मपुत्र टावर सेक्टर-4 वैशाली, अजनारा फॉर्म्स, महालक्ष्मी बिल्डकॉन, पिनाकल हाउसिंग, चार्म्स सॉलिटेयर्स, शिप्रा सनसिटी, इंदिरापुरम की क्लाउंड 9, ऑरेंज काउंटी, रामप्रस्थ ग्रीन्स, आम्रपाली, सेवियर पार्क शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

गुलमोहर में टीम को गेट पर रोका
गुलमोहर गार्डन सोसायटी में पहुंची टीम को लोगों ने गेट पर ही रोक लिया। लोगों ने अधिकारियों से सवाल पूछा की कि मल्टीपल कनेक्शन लेने पर रखरखाव शुल्क कौन देगा। सोसायटी के एओए महासचिव अवधेश मित्तल ने सवाल किया कि मल्टीपल कनेक्शन लेने के बाद कॉमन एरिया और लिफ्ट चलाने के लिए बिजली का बिल कौन देगा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने टैरिफ रेट का हवाला दिया और कहा कि हम साढ़े पांच रुपये प्रति यूनिट बिजली देंगे।
गौर कास्केड में भी नहीं बनी बात
गौर कास्केड में सुबह साढ़े दस बजे बिजली विभाग की टीम पहुंची और बहु बिंदु कनेक्शन के लिए लोगों को समझाने का प्रयास किया। विभाग की ओर से टैरिफ रेट के बारे में समझाने का प्रयास किया किया। एओए अध्यक्ष डॉ. अनुज राठी ने कहा कि उनकी सोसायटी के 58 प्रतिशत लोगों ने सिंगल पॉइंट कनेक्शन पर सहमति दे दी है। फिर क्यों परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तार बदलने में आप लोग दिनभर लगा देते हैं, ऊपर से बिना शुल्क के कोई कर्मी नहीं आता है। सोसायटी के अंदर यदि कोई भी फाल्ट आ जाता है तो घंटों में ठीक करा दिया जाता है। बिजली कटते ही डीजी चलने लगता है।
आशियाना में भी लोगों ने जताया विरोध
आशियाना पॉम सोसायटी में भी शाम को बिजली विभाग की टीम पहुंची। टीम के साथ आवास विकास के अधीक्षण अभियंता राकेश चंद्रा भी पहुंचे। सोसायटी के लोगों के साथ क्लब में बैठक हुई। एओए अध्यक्ष सचिन त्यागी ने कहा कि राजनगर एक्सटेंशन की 61 सोसायटी में 35 सोसायटी पहले ही मल्टीपॉइंट कनेक्शन नहीं लेने का पत्र दे चुकी है। फिर क्यों दबाव बनाया जा रहा है। एसई राकेश कुमार ने कहा कि हम दबाव बनाने नहीं बल्कि यह जानने आए हैं कि सिंगल प्वाइंट कनेक्शन के लिए कोई दबाव तो नहीं बना रहा है।
जब हमने मना कर दिया तो शिविर क्यों लगाए?
1. सवाल- ऑरेंज काउंटी सोसायटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ब्रिगेडियर (रिटायर्ड ) दिलीप कपूर ने पूछा, मल्टीप्वाइंट कनेक्शन लिया तो लोग रखरखाव शुल्क नहीं देंगे। ऐसे में सोसायटी का खर्चा कैसे चलेगा?
डीजी सेट से जो बिजली खर्च होगी, उसका बिल आप निवासियों से ले सकते हैं। रखरखाव शुल्क से केवल आपको बिजली का बिल हटाना है। बाकी के सभी बिल रेजिडेंट्स से ले सकते हैं।
2. जीसी एमराल्ड हाइट्स, रामप्रस्थ ग्रीन्स, वैशाली आरडब्ल्यूए के कोषाध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने पूछा, मल्टीप्वाइंट कनेक्शन के लिए सोसायटी में बिजली की पूरी व्यवस्था नए सिरे से करनी होगी, क्या यह बहुत महंगा नहीं होगा?
नहीं, कोई बदलाव नहीं करना होगा। जो व्यवस्था पहले से है, उसी से कनेक्शन दिए जाएंगे और मीटर लगाए जाएंगे। मीटर से इस मीटर से आपका डीजी सेट और पावर ग्रिड दोनों की आपूर्ति होगी।
3. सवाल - रामप्रस्थ ग्रीन में नवनीत कोचर ने पूछा कि मल्टीपल प्वाइंट कनेक्शन लेने के बाद अगर फॉल्ट हुआ तो इसे ठीक करने के लिए कौन आएगा। अभी तो आरडब्ल्यूए कराती है, सब आसानी से हो जाता है।
अगर मल्टीप्वाइंट कनेक्शन लेने के बाद किसी भी तरह का फॉल्ट आता है तो इसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। फोन करने पर ऊर्जा निगम के कर्मचारी फॉल्ट को ठीक करेंगे।
4. सवाल- आम्रपाली सोसायटी में लोगों ने पूछा, पहले हीलोगों ने मल्टीप्वाइंट कनेक्शन के लिए असहमति जताई है और इसके लिए फॉर्म भरकर भी जमा करा दिए गए हैं, फिर ये शिविर क्यों लगाए गए हैं।
हमारा मकसद केवल उपभोक्ताओं को फायदा पहुंचाना है। जो फॉर्म भरकर दिए गए हैं, वह लोगों ने ही भरे हैं या नहीं, शिविर लगाकर इसी का सत्यापन कराया जा रहा है।
(जवाब ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता पंकज अग्रवाल ने दिए)
5. सोवियर पार्क सोसायटी में लोगों ने पूछा कि मल्टीपल प्वाइंट कनेक्शन लेने से क्या फायदा होगा।
यदि उपभोक्ता 600 यूनिट की खपत करते हैं तो 644 रुपए प्रति माह बिल कम होगा। उपभोक्ता अपने मीटर भार का फैसला करने में स्वयं सक्षम होंगे
कनेक्शन लेने से किया मना
स्थान: आम्रपाली सोसायटी, वैशाली
समय : दोपहर 1:35 बजे
12-13 लोग शिविर में पहुंचे। यहां सभी ने मल्टीप्वाइंट कनेक्शन लेने से मना कर दिया है। लोगों ने सहमति जताई कि आरडब्ल्यूए जिस दर पर उन्हें बिजली दे रही है, वह इससे संतुष्ट हैं। यहां 90 में से 81 लोगों ने सिंगल प्वाइंट पर रहने के लिए सहमति जताई थी। जब केवल 13 लोग पहुंचे तो अधिकारियों ने फोन मिलाया और लोगों से बात की। इसके अलावा ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने घर-घर जाकर लोगों को जानकारी दी लेकिन इसके बाद भी उन्होंने असहमति जताई। यहां जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता ताहिर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बिल्डर ने भरवाए थे फॉर्म
स्थान : सोवियर पार्क सोसायटी, मोहननगर
समय : दोपहर 1:45 बजे
मोहन नगर की सेवियर पार्क सोसायटी में जब ऊर्जा निगम और प्रशासन के अधिकारी ने लोगों से बात की तो पता चला कि बिल्डर ने अपने लोगों से ही फॉर्म भरवाकर जमा करा दिए थे, जबकि सोसायटी के लोग खुद मल्टीप्वाइंट कनेक्शन चाहते हैं। सोसायटी निवासी संदीप वर्मा ने बताया कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों से फिर से फॉर्म भरवाने की अपील की गई है ताकि सोसायटी को मल्टीप्वाइंट कनेक्शन मिल सकें।

कोई दबाव नहीं, अंतिम निर्णय फ्लैट मालिकों का
ऊर्जा निगम के महाप्रबंधक अरविंद मलप्पा बंगारी ने बताया कि शिविर लगाकर लोगों को बहु बिंदु विद्युत कनेक्शन के लाभ के बारे में समझाया जा रहा है। कुछ लोगों ने मल्टीपल कनेक्शन पर सहमति जताई है कुछ लोगों ने दो दिन में बताने के लिए कहा है। कोई दबाव नहीं दिया जा रहा है। अंतिम निर्णय फ्लैट मालिकों का होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed