Ghaziabad News: डेढ़ करोड़ की डकैती डालने आए थे बदमाश, मुठभेड़ में दो गिरफ्तार
डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल ने बताया कि मननधाम रोड पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश मुरादनगर के जलालाबाद निवासी एकल उर्फ संटी और कुम्हारों वाली गली निवासी शिवा है।
विस्तार
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम के संजयनगर जागृति विहार में 21 फरवरी की शाम सराफ अजय वर्मा की दुकान भवानी ज्वैलर्स में लूट करने के प्रयास के मामले का मधुबन बापूधाम पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बदमाश डेढ़ करोड़ की डकैती डालने की फिराक में आए थे। पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है।
डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल ने बताया कि मननधाम रोड पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश मुरादनगर के जलालाबाद निवासी एकल उर्फ संटी और कुम्हारों वाली गली निवासी शिवा है। मुठभेड़ में शिवा के दाहिने पैर में गोली लगी है। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि दोनों ने अपने आठ साथियों के साथ मिलकर सराफ को लूटने का प्रयास किया था। वारदात को अंजाम देने के दौरान सराफ दुकान के बाहर आने और उसके शोर मचाने में वे इसमें असफल हो गए और उल्टे पैर भाग गए।
एकल और शिवा ने बताया कि कुलदीप और आयुष उर्फ नवाब इसके मास्टरमाइंड थे। कुलदीप जागृति विहार में ही रहता है। उसे पता था कि अजय वर्मा की दुकान में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी व गहने मिल जाएंगे। इसकेलिए उसने मनीष, आकाश, बादल और तीन अन्य को वारदात में शामिल करके वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। एसीपी नगर ने बताया कि फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
दो बार पहले भी कर चुके हैं प्रयास
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि ये पूर्व में भी दो बार अजय वर्मा को लूटने का प्रयास कर चुके हैं। 20 फरवरी को भी लूटने के लिए आए थे। लेकिन दुकान पर ज्यादा ग्राहकों के होने के कारण उन्हें मौका नहीं मिला। इससे पहले भी एक बार प्रयास कर चुके हैं।
लूटने के प्रयास के दौरान शिवा के हाथ में था तमंचा
21 फरवरी को लूटने का प्रयास करने के दौरान चार बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए थे। इनमें से एक बदमाश के हाथ में तमंचा था जो पकड़ा गया शिवा है। इसके अलावा उसके साथियों पर भी तमंचा था। शिवा का काम सराफ को कब्जे में लेकर धमकाने का था बाकी को नकदी व गहने लूटने थे।