गाजियाबाद। छुट्टी मनाने गया राजनगर एक्सटेंशन का एक परिवार भारी बर्फबारी के बीच मनाली में फंस गया है। लोगों का कहना है कि बर्फबारी के चलते इलाके में मार्ग पूरी तरह से जाम हो गया है। इस वजह से पीने के पानी तक को यहां महंगे दामों पर बेचा जा रहा है।
वीवीआईपी एड्रेसेस निवासी संजीव बंसल, कृति बंसल, वरुण, प्रिया, जनक, संस्कृत, नायरा, ईशान्वी 22 तारीख को गाजियाबाद से मनाली के लिए निकले 23 तारीख की सुबह मनाली पहुंच गए। कृति बसंल ने बताया कि 23 की शाम बर्फबारी शुरू हो गई। इलाके में करीब तीन-तीन फीट बर्फ जमा हो गई। इसके चलते यहां लोग बाहर तक नहीं निकल पा रहे थे। जहां होटल बुक किया था, वह अपने आप कैंसिल हो गया। पांच हजार रुपये तक के होटलों का किराया 20 हजार रुपये तक हो गया। इस वजह से यहां कई परिवार रास्ते में फंस गए। बिजली बिल्कुल कट गई। जाम की वजह से सुबह 11:00 के शाम 7:00 तक लगभग 8 घंटे में 2 किलोमीटर का ही सफर तय हो सका। खाना पानी सब महंगा हो गया है। पानी की बोतल 100 रुपये तक बिक रही है। होटलों में खाना खत्म हो गया है। ऐसे में यहां लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।