बहन से बात करने पर दोस्त की जान ली: जंगल में पिलाई शराब, फिर बोतल फोड़कर सीने में मारी; बोला- कई बार समझाया था
पुलिस ने श्रमिक विक्की की हत्या का खुलासा कर मुख्य आरोपी शिवम को बुधवार को गिरफ्तार किया। शिवम विक्की से अपनी बहन से बात करने की रंजिश रखता था। उसने दोस्त विकास के साथ मिलकर विक्की को मानकी के जंगल ले गया।
विस्तार
गाजियाबाद के मोदीनगर की विश्वकर्मा बस्ती निवासी श्रमिक विक्की की हत्या का खुलासा पुलिस ने बुधवार शाम कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कांच की बोतल बरामद कर ली है। शिवम बहन से बात करने के कारण विक्की से रंजिश रखता था। उसने दोस्त के साथ मिलकर नुकीले कांच से वारकर विक्की की हत्या कर शव मानकी के जंगल में ट्यूबवेल के पास फेंक दिया था। पुलिस शिवम के फरार साथी विकास की तलाश में दबिश दे रही है।
विश्वकर्मा बस्ती निवासी प्रेम सिंह का 21 वर्षीय पुत्र विक्की श्रमिक था। बीते शनिवार को विक्की का शव गांव मानकी के जंगल में ट्यूबवेल के पास बरामद हुआ था। पिता प्रेम सिंह ने दोस्त शिवम पर शक जाहिर करते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पर हंगामा किया था। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी थी। पुलिस ने बुधवार को आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टूटी हुई कांच की बोतल बरामद की। पुलिस को पूछताछ में शिवम ने बताया कि विक्की काफी समय से उसकी बहन से बात करता था। उसे कई बार मना किया मगर विक्की लगातार उसकी बहन से बात करता रहा।
इसके कारण शिवम विक्की से रंजिश रखने लगा और उसने विक्की की हत्या का षड्यंत्र रचा। शिवम ने अपने दोस्त विकास के साथ मिलकर विक्की की हत्या का तानाबाना बुना। शिवम और विकास पार्टी करने के बहाने शुक्रवार रात विक्की को गांव मानकी के जंगल में ले गए। आरोपियों ने विक्की को गांजा और शराब पिलाई और उसके नशे में होने पर शराब की बोतल फोड़कर सीने पर वार किए। विक्की की मौत होने तक शिवम ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए और विकास ने विक्की के हाथ पकड़े। आरोपियों ने विक्की की हत्या करने के बाद शव ट्यूबवैल के पास फेंक दिया और मोबाइल फोन तोड़ कर जंगल में फेंक दिया।
गहरे दोस्त थे विक्की और शिवम व विकास
विक्की और हत्या आरोपी शिवम व विकास एक ही कॉलोनी में रहते है। तीनों के बीच गहरी दोस्ती थी। काम से लौटने के बाद वह ज्यादातर साथ ही रहते थे। विश्वास के कारण विक्की उनके खतरनाक इरादे भांप नहीं पाया और शुक्रवार रात शिवम और विकास के साथ पार्टी करने जंगल में चला गया। मौका मिलते ही शिवम और विकास ने कांच की बोतल घोंपकर विक्की की हत्या कर दी।
नामजद मुख्य आरोपी शिवम निवासी विश्वकर्मा बस्ती मोदीनगर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कांच की बोतल बरामद कर ली है। हत्या में शामिल फरार विकास की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही है। उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सिद्धार्थ गौतम, एसीपी मोदीनगर