Crime in Ghaziabad: महिला को बंधक बनाकर पीटा, गल्ले से नकदी चुरा रहे युवक को पकड़ा
क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के सेन विहार में शनि मंदिर छपरौला निवासी नन्नी देवी को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। नन्नी का आरोप है कि चांदनी ने अपनी पांच महिला साथियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई की।
विस्तार
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर कादराबाद स्थित एक ढाबे का ताला तोड़कर बदमाशों ने कीमती सामान चोरी कर लिया। संचालिका की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। संतपुरा कॉलोनी निवासी अनुराधा शर्मा कादराबाद में ढावा चलाती हैं। आरोप है कि चोर सोमवार रात एलपीजी सिलेंडर, इन्वर्टर, बैटरी सहित कई कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह उन्हें घटना की जानकारी हुई। एसीपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
गल्ले से नकदी चुरा रहे युवक को पकड़ा
गाजियाबाद के सिहानी गेट क्षेत्र के गढ़ी गुलधर निवासी राजेंद्र कुमार अरोड़ा की दुकान में तीन युवकों ने घुसकर गल्ले में से 2500 रुपये की नकदी चोरी कर ली। उनका कहना है कि तीनों ने सामान खरीदने के बहाने उन्हें बातों में उलझाया और गल्ले में से नकदी निकाल ली। उन्होंने देखा तो तीनों भागने लगे। भागते हुए | उन्होंने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देकर उनके हवाले कर दिया। मामले में उन्होंने सिहानी गेट थाने में केस दर्ज कराया है। एसीपी का कहना है कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बाइक में टक्कर मार गड्ढे में पलटी कार
मोदीनगर निवाड़ी में गंगनहर पटरी मार्ग पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित होकर कार गड्ढे में पलट गई। हादसे में बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गांव रोरी निवासी संदीप कुमार मंगलवार सुबह बाइक से गंगनहर मार्ग से निवाड़ी की ओर आ रहे थे। संदीप जैसे ही गांव अबूपुर स्थित सोनिया विहार रेग्युलेटर के समीप पहुंचे तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में घायल संदीप को उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया है।
चोरी की बाइक पर मिला ट्रक का नंबर
मोदीनगर में भोजपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है। आरोपी ट्रक के नबंर पर चोरी की बाइक चला रहा था। एसीपी ने बताया कि भोजपुर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो सवार भाग निकला। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। जांच में बाइक चोरी की निकली। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का नाम राहुल कुमार निवासी गांव बढ़ायला थाना मसूरी बताया। आरोपी ने बाइक इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से चोरी की थी।
महिला को बंधक बनाकर पीटा
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के सेन विहार में शनि मंदिर छपरौला निवासी नन्नी देवी को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। नन्नी का आरोप है कि चांदनी ने अपनी पांच महिला साथियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई की। उन्होंने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में चांदनी, मंजू, नीतू, शीला और कौशल के खिलाफ केस दर्ज कराया है। नन्नी का आरोप है कि सभी ने शिवानी उर्फ नीतू को गायब करने के शक में उनके साथ मारपीट की है। जबकि, उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। एसीपी वेव सिटी का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
नदी में डूबे छात्र का शव मिला
हिंडन नदी में धार्मिक अनुष्ठान करते समय डूबे छात्र का शव पीएसी के गोताखोरों ने बरामद कर लिया है। जनपद बागपत के डोलचा गांव निवासी रोहित (17) पुत्र सुंदर परिवार के साथ सुराना गांव में अपने मामा सागर के घर आया हुआ था। सोमवार को धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए वह परिवार के साथ हिंडन नदी पर गया था। नदी में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया था। सूचना पर एनडीआरएफ व पीएसी के गोताखोरों ने नदी में रोहित की तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह गोताखोरों ने रोहित का शव बरामद कर लिया।