आज सीएम योगी गाजियाबाद में: 868 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास, जानें पूरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद में 868 करोड़ रुपये के विकास कार्य का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। साथ ही 505 करोड़ रुपये के नए कार्य भी देंगे। वह मुरादनगर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जिले में 868 करोड़ रुपये के विकास कार्य का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही नए विकास कार्यों के लिए 505 करोड़ रुपये भी दिए जाएंगे। इस दौरान मुरादनगर के तेजपाल त्यागी कुशलपाल त्यागी मेमोरियल कॉलेज में वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री गृह विभाग, शिक्षा विभाग, डूडा, पीडब्ल्यूडी, पंचायती राज विभाग, आवास शहरी विकास नियोजन विभाग की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन, पुलिस लाइन ट्रांजिट हॉस्टल के कार्य की भी शुरुआत की जाएगी।
हिंडन नदी पर बनेगा दो लेन का पुल
मुरादनगर में मतौर-डोलचा सीमा के बीच और भदौली के पास हिंडन नदी पर दो लेन के पुल के निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा। इस कार्य पर 4.8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को 19 योजनाओं के लिए 505 करोड़ रुपये करोड़ रुपये मिलेंगे। इसी राशि से हापुड़ चुंगी चौराहे पर 125 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाई ओवर बनाया जाएगा। इसे लेकर जीडीए टेंडर जारी कर चुका है। इसके साथ ही 1096 प्रधानमंत्री आवासों का लोकार्पण किया जाएगा।
नो ड्रोन जोन घोषित, तैनात होंगे डेढ़ हजार पुलिसकर्मी
मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के चलते सुबह 10 से कार्यक्रम सम्पन्न होने तक जिले को नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है। रूट, चौराहों और कार्यक्रम स्थल पर डेढ़ हजार पुलिसकर्मी, संबंधित क्षेत्र के एसीपी और थाना प्रभारी तैनात रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर तीन कंपनी पीएसी के जवानों की तैनात रहेगी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था और यातायात राजकरन नय्यर ने बताया कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। निर्धारित रूट पर काफिला आने और जाने के दौरान मात्र पांच मिनट के लिए यातायात रोका जाएगा।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष की बैठक
मुरादनगर में शुक्रवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से पहले बृहस्पतिवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की स्मृति में 17 जुलाई को आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा और मूर्ति अनावरण समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं।