कैमरे में कैद हुई लूट: स्कूटी से घर जा रही थीं मां-बेटी, रास्ते में बदमाशों ने लूटी चेन, सड़क पर गिर हुईं घायल
सूचना पर एसएसवी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। महिला से चेन लूट की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
विस्तार
हापुड़ की नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अपना घर कॉलोनी में छह वर्षीय बेटी के साथ स्कूटी से घर लौट रही महिला से नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाश चेन लूटकर फरार हो गए। घटना में महिला और उसकी बेटी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। तब तक लुटेरे मौके से फरार हो गए थे। इस दौरान महिला से चेन लूट की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। महिला ने बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला शिवगढ़ी निवासी संगीता ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ मोहल्ला शंभूपुरा स्थित अपनी मोबाइल की दुकान पर गई थीं। मंगलवार की दोपहर लगभग तीन बजे लौटते समय वह स्कूटी से अपनी बेटी के साथ घर लौट रही थीं। मोहल्ला अपना घर कॉलोनी के मुख्य मोड़ पर पहुंचने पर नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाश उनके गले से चेन लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद वह अपनी बेटी के साथ स्कूटी से सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग यहां एकत्र हो गए। इससे पहले ही बाइक सवार नकाबपोश बदमाश यहां से फरार हो चुके थे। उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी थी।
सूचना पर एसएसवी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। महिला से चेन लूट की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। उन्होंने इसकी सूचना अपने पति शिवकुमार को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे उनके पति उन्हें चौकी लेकर पहुंचे और लिखित में बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।