{"_id":"6af97db03487868c0f0bf38d","slug":"bar-election-preparation-in-kutchary-ghaziabad-news-c-30-1-gbd1012-1022665-2026-11-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad News: बार चुनाव की तिथि घोषित नहीं, चैंबर-टू-चैंबर शुरू हुआ प्रचार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad News: बार चुनाव की तिथि घोषित नहीं, चैंबर-टू-चैंबर शुरू हुआ प्रचार
विज्ञापन
विज्ञापन
- अध्यक्ष और सचिव पद के संभावित प्रत्याशियों ने तेज की जनसंपर्क की कवायद
- पोस्टर-बैनर के जरिये भी बना रहे माहौल
- तीन साल बाद चुनाव मैदान में उतर सकते हैं पूर्व बार अध्यक्ष, उनकी दावेदारी से बदल सकता है चुनावी समीकरण
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। कचहरी परिसर में बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज होने लगी है। अभी चुनाव की तिथि घोषित नहीं हुई है, लेकिन संभावित प्रत्याशियों ने चैंबर-टू-चैंबर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। अध्यक्ष और सचिव पद के लिए अब तक चार-चार संभावित प्रत्याशी अपनी दावेदारी को लेकर अधिवक्ताओं के बीच पहुंच रहे हैं। पोस्टर-बैनर के जरिये भी प्रचार किया जा रहा है। वहीं, अधिवक्ताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चाओं और कयासों का दौर शुरू हो गया है।
बार एसोसिएशन वर्ष 2025-26 का चुनाव 14 नवंबर को हुआ था। नवंबर में ही निर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा हो गया है। ऐसे में नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर अधिवक्ताओं की निगाहें चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पर टिकी हैं। संभावित प्रत्याशी अभी से मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं। अधिवक्ताओं के चैंबरों में पहुंचकर समर्थन मांगने के साथ ही चुनावी मुद्दों पर भी चर्चा की जा रही है।
विज्ञापन
इस बार चुनाव में कचहरी परिसर की बुनियादी समस्याएं प्रमुख मुद्दा बन सकती हैं। अधिवक्ताओं की लंबे समय से शौचालयों की व्यवस्था में सुधार, नए चैंबरों के निर्माण और बेहतर मेडिकल सुविधा की मांग रही है। इसके अलावा न्यायिक परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अधिवक्ताओं के लिए सहायता योजनाएं शुरू करने का मुद्दा भी चुनावी चर्चा में शामिल है। बार, बेंच और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी संभावित प्रत्याशियों के एजेंडे में शामिल हो सकता है।
विज्ञापन
चुनाव में इस बार एक वरिष्ठ अधिवक्ता की संभावित दावेदारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वह तीन साल बाद चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुसार, अब तक उन्होंने जितनी बार चुनाव लड़ा है, हर बार जीत दर्ज की है। हालांकि, उनके चुनाव लड़ने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि वह मैदान में उतरते हैं तो अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे कई प्रत्याशियों के चुनावी समीकरण बिगड़ सकते हैं। फिलहाल उनकी ओर से कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।
उधर, चुनाव की तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे अधिवक्ताओं में भी उत्सुकता बढ़ रही है। संभावित प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। बार सचिव वरुण त्यागी बयाना का कहना है कि चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। जल्द ही चुनाव की तिथि घोषित कर दी जाएगी।
---------
