फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   लुढ़का पारा: आठवीं तक के स्कूल सात तक बंद

लुढ़का पारा: आठवीं तक के स्कूल सात तक बंद

Mon, 01 Jan 2018 11:34 PM IST
Updated Mon, 01 Jan 2018 11:34 PM IST
विज्ञापन
लुढ़का पारा: आठवीं तक के स्कूल सात तक बंद
लुढ़का पारा: आठवीं तक के स्कूल सात तक बंद
विज्ञापन

- बढ़ती सर्दी को देख एडीएम ने शिक्षा विभाग के अफसरों को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कंपकंपाती सर्दी में छोटे बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कार्यवाहक डीएम, एडीएम रजनीश राय ने नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के स्कूलों को सात जनवरी तक बंद करने के आदेश दिए हैं। 10वीं और 12वीं के छात्रों के भी स्कूल का समय सुबह 10 बजे से कर दिया गया है। इस संदर्भ में उन्होंने शिक्षा विभाग के अफसरों को निर्देशित कर दिया है।
नए साल पर जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया। ऐसे में बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावकों को उनकी सेहत का डर सता रहा था। पढ़ाई छूट जाने के डर से अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजना पड़ रहा था। घने कोहरे के बीच सोमवार को बच्चे कंपकंपाते हुए स्कूल पहुंचे। बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कार्यवाहक डीएम रजनीश राय ने नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के स्कूलों में सात जनवरी तक अवकाश की घोषणा कर दी है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अफसरों को निर्देशित किया है कि 10वीं व 12वीं के छात्रों को स्कूल में सुबह 10 बजे से पहले न बुलाया जाए। आठवीं तक के स्कूलों का निरीक्षण किया जाए। यदि इस अवधि में स्कूल खुले मिलें तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। ब्यूरो
विज्ञापन

चार डिग्री गिरा पारा, ठंड से कांपे लोग
- दोपहर तक छाया रहा घना कोहरा, थोड़ी दूर तक भी देख पाना हुआ मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। साल के पहले दिन का आगाज कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से हुआ। सोमवार को अधिकतर तापमान चार डिग्री लुढ़ककर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे लोगों की कंपकंपी छूट गई। कोहरे का यह आलम रहा कि दोपहर तक दृश्यता न के बराबर रही। ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अगले दो दिन तक यही स्थिति रहने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रविवार शाम से ही कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। सोमवार को घने कोहरे से साल के पहले दिन का आगाज हुआ। रविवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस था जो गिरकर सोमवार को 19 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान सात डिग्री से गिरकर छह डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर के समय कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन हवाओं के कारण ठंड से कोई राहत नहीं मिल सकी। पूरे दिन सर्दी व कोहरे के कारण लोगों का हाल-बेहाल रहा। ठंड के कारण बाजार भी देर से खुले। देर शाम शुरू हुई सर्द हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। जगह-जगह लोग अलाव जलाकर बैठे दिखे। मौसम वैज्ञानिक मनोज आत्रेय के अनुसार आने वाले दो दिन कोहरा व ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
बारिश के आसार, किसान परेशान
गढ़मुक्तेश्वर। मौसम के करवट बदलने से नए साल के पहले ही दिन ठिठुरती सर्दी ने हर किसी की कंपकंपी छुड़ा दी। वहीं आकाश में धुंध छाने से मौसम बिगड़ने का खतरा भी मंडरा रहा है। इससे गेहूं और सरसों की पछेती बुआई कर रहे किसानों में बेचैनी बढ़ गई है। उन्हें डर सता रहा है कि अगर ऐसे में बारिश हो गई तो फिर पछेती बुआई और भी पछेती होने से पैदावार प्रभावित हो जाएगी। किसान अमरजीत सिंह ढाना, कृष्ण त्यागी झड़ीना, अनिल चौधरी सादुल्लापुर, हाजी लियाकत गढ़ का कहना है कि पर्ची किल्लत दूर न होने और अब तक रिजेक्ट प्रजाति वाले गन्ने की तौल चालू न होने से गेहूं और सरसों की बुआई पहले ही काफी पछेती हो गई है, अगर अब बारिश हो गई तो फिर बुआई और भी प्रभावित हो जाएगी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. नफीस चौधरी का कहना है कि हिमाचल प्रदेश समेत चार स्थानों पर हल्का विक्षोभ बनने से बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वाष्पीकरण क्रिया में बढ़ोतरी होने से आकाश में धुंध छा रही है।
संगम एक्सप्रेस 14 और आला हजरत 4 घंटे लेट
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। कोहरे के चलते ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से नहीं हो पाया। सोमवार को संगम एक्सप्रेस 14 घंटे, आला हजरत एक्सप्रेस 4 घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। स्टेशन से होकर गुजारने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों के लेट होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को जयनगर से चलकर अमृतसर को जाने वाली सरयू यमुना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 5.30 घंटे, इलाहाबाद से मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस 14 घंटे, इलाहाबाद से चलकर सहारनपुर को जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस 1.15 घंटे, बरेली से चलकर नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 2.45 घंटे बरेली से चलकर दिल्ली जाने वाली बरेली एक्सप्रेस 3.30 घंटे और भुज से बरेली जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 4 घंटे की देरी से नगर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री ट्रेनों के इंतजार में कई घंटों तक स्टेशन पर बैठकर इंतजार करते दिखाई दिए।
स्टेशन अधीक्षक मुनीराम मीणा ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन सही समय पर नहीं हो पा रहा है। इस कारण से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गढ़ में स्टेशन अधीक्षक का कहना है कि दिल्ली-लखनऊ रूट पर देर रात से ले लेकर तड़के में आने जाने वाली पैसेंजर समेत लंबी दूरी की ट्रेनों का आवागमन कोहरा गिरने से प्रभावित हो रहा है। मौसम साफ होने तक यह समस्या बनी रहेगी। ब्यूरो

देहात में चरमरायी बिजली आपूर्ति
हापुड़। दो दिन से घना कोहरा पड़ने के कारण देहात अंचल में बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। सोमवार को मोदीनगर, धीरखेड़ा बिजलीघर से जुड़े इलाके में कई स्थानों पर विद्युत लाइन में फाल्ट हो गया। इससे घंटों गांवों की आपूर्ति बाधित रही। निगम कर्मियों को आपूर्ति सुचारु करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार तड़के ही घना कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। मौसम में नमी के कारण देहात अंचल से गुजर रही विद्युत लाइन में जगह-जगह फॉल्ट हो गया। ऐसे में मोदीनगर और धीरखेड़ा बिजलीघर से जुड़े करीब एक दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति काफी समय तक प्रभावित रही। सूचना पर निगम कर्मियों ने लाइन की पेट्रोलिंग की। करीब छह घंटे में सभी गांवों की आपूर्ति बहाल हो सकी। अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि कोहरे से मौसम में नमी होने के कारण यह समस्या बनी थी। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed